पत्रकारों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर संपन्न

पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की पहल से आयोजन

अमरावती/दि.6 – तेज़ रफ्तार और तनावपूर्ण जीवनशैली के चलते पत्रकारों के स्वास्थ्य की उपेक्षा न हो, इस उद्देश्य से पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के निर्देश पर अमरावती जिलाधिकारी कार्यालय स्थित नियोजन भवन में पत्रकारों, मीडिया कर्मियों तथा उनके परिजनों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर का लाभ 226 पत्रकारों ने लिया.
पत्रकारिता एक चुनौतीपूर्ण क्षेत्र है, जिसमें अनिश्चित कार्य समय, निरंतर दौड़-भाग और मानसिक दबाव के कारण स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए पालकमंत्री के जनसंपर्क कार्यालय द्वारा इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने फुल बॉडी चेक-अप, रक्त में वसा की जांच के लिए लिपिड प्रोफाइल टेस्ट, नेत्र परीक्षण तथा दंत चिकित्सा जांच की. शिविर में जिला शल्य चिकित्सक डॉ. विनोद पवार, मुख्यमंत्री सहायता निधि के डॉ. श्याम गावंडे, संक्रामक रोग विभाग की डॉ. प्रज्ञा कडू सहित विभिन्न शासकीय व चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सेवाएं प्रदान कीं. शिविर के सफल आयोजन में पालकमंत्री जनसंपर्क कार्यालय के शशांक चौरेे का विशेष योगदान रहा.
इस अवसर पर पात्र पत्रकारों को ‘आयुष्मान भारत कार्ड’ की त्वरित सुविधा उपलब्ध कराई गई. कुल 48 पत्रकारों को मौके पर ही आयुष्मान भारत कार्ड प्रदान किए गए, जिससे भविष्य में गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सकेगा. इसके अतिरिक्त, आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक सीपीआर’ प्रक्रिया पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया. विशेषज्ञ डॉ. राधा सावदेकर ने प्रात्यक्षिक के माध्यम से सीपीआर की जानकारी दी. इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों से पत्रकारों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, ऐसा विश्वास जिला प्रशासन ने व्यक्त किया.

Back to top button