नांदगाव खंडेश्वर में तहसील स्तरीय स्वास्थ्य जनसंवाद कार्यक्रम हुआ

350 से अधिक नागरिकों की सहभागिता

नांदगांव खंडेश्वर/दि.20 – इकोनेट संस्था के माध्यम से नांदगाव खंडेश्वर तहसील में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आयोजित तहसील स्तरीय स्वास्थ्य जनसंवाद कार्यक्रम पदमपाणी मंगलम सभागृह में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. इस कार्यक्रम में 10 से अधिक गांवों के करीब 350 नागरिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं खुलकर सामने रखीं.
पिछले छह महीनों से लोणी, मंगरूल चव्हाला और सातरगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित विभिन्न उपकेंद्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का गहन अध्ययन इकोनेट संस्था द्वारा किया गया था. इसी अध्ययन के आधार पर नागरिकों, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में तहसील वैद्यकीय अधिकारी डॉ. प्राजक्ता वानखडे, सह गटविकास अधिकारी निलेश ठाकरे, इकोनेट की मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरी भोपटकर, राहुल सालवी, सुनिता देशमुख, मेडिकल ऑफिसर नितेश हारलकर, गुल्हाने सर, मुकेश पारडे सहित महिला व बालकल्याण विभाग के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे. जनसंवाद सत्र में नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में आने वाली अड़चनें, एम्बुलेंस सुविधा, दवाओं की उपलब्धता, संचार व्यवस्था और सरकारी योजनाओं के लाभ में आ रही समस्याओं को विस्तार से रखा. खास बात यह रही कि महिलाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने मुद्दे स्पष्ट रूप से रखे. डॉ. प्राजक्ता वानखडे ने सभी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देते हुए आवश्यक सुधार करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से नागरिकों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया. साथ ही, कार्यक्रम में रखी गई मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की बात भी कही गई.
इस दौरान जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, टीकाकरण कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी गई. इकोनेट संस्था द्वारा तैयार किए गए अध्ययन रिपोर्ट का प्रस्तुतीकरण भी किया गया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में इकोनेट टीम, स्वयंसेवकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा. कार्यक्रम का संचालन प्रशांत पवार ने किया. इस जनसंवाद के माध्यम से नागरिकों, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए ठोस पहल की उम्मीद जताई जा रही है.

Back to top button