नेत्रहिनों के साथ रंगोत्सव का अनूठा आयोजन
अंधेरे जीवन में रंगों की खुशी व चमक बिखेरने का प्रयास

* बेहद शानदार रहा ‘हर्षरंग समारोह’
अमरावती /दि.2 – प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी वनमाला बहुउद्देशीय संस्था, स्वराज्य प्रतिष्ठा, रामराज्य प्रतिष्ठान, साद फाउंडेशन, आशीर्वाद फाउंडेशन व 27-अमरावती जैसे संगठनों के संयुक्त तत्वावधान के तहत डॉ. नरेंद्र भिवापुरकर अंध विद्यालय में ‘हर्षरंग समारोह’ के तहत इको फ्रेंडली धुलिवंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. जिसमें सभी संस्थाओं के पदाधिकारियों व सदस्यों ने नेत्रहिन रहने के चलते जीवनभर अंधेरे का सामना करनेवाले अंध विद्यालय के बच्चों को रंगों से सराबोर करते हुए उनके साथ होली के पर्व की खुशियां बांटी. साथ ही त्यौहार पर उनका मुंह भी मीठा कराया.
इस अनूठे कार्यक्रम का आयोजन आज सोमवार 2 मार्च को दोपहर 1 बजे डॉ. नरेंद्र भिवापुरकर अंध विद्यालय में किया गया था. जिसमें आयोजक संस्थाओं के सभी पदाधिकारी व सदस्यों ने हिस्सा लेते हुए विविध रंगों वाले गुलाल लेकर अंध विद्यालय के बच्चों के साथ सूखी होली खेली और उन्हें विविध रंगों से सराबोर कर दिया.