कर्जमाफी की याद दिलाने प्रहार का अनोखा आंदोलन
रक्त से लिखा स्मरण पत्र भेजा जाएगा मुख्यमंत्री को

* कल से मेलघाट में प्रहार की ‘आठवण यात्रा’
अमरावती /दि.28 – विधानसभा चुनाव के दौरान किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी, गारंटी मूल्य, भावांतर योजना, नुकसान भरपाई और वन्य प्राणियों से सुरक्षा के वादों की याद दिलाने के लिए प्रहार जनशक्ति पार्टी ने अनोखे आंदोलन की घोषणा की है. संगठन के कार्यकर्ता रक्तदान कर उसी रक्त से राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर भेजेंगे.
प्रहार संगठना के अनुसार, चुनाव प्रचार के दौरान महायुति के नेताओं ने किसानों को कर्जमाफी का आश्वासन दिया था. किंतु कई महीनों तक सरकार की ओर से कर्जमाफी पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया. कर्ज का बोझ सहते किसानों पर दोहरी मार पडी, लेकिन राहत के उपाय अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ सके. प्रहार संगठना के संस्थापक बच्चू कडू के आंदोलनों के बाद सरकार ने कर्जमाफी पर चर्चा शुरु की, परंतु कार्रवाई में विलंब को लेकर प्रहार संगठन असंतुष्ट है. इसी क्रम में कल 1 मार्च से ‘आठवण यात्रा’ निकाली जाएगी.
* आज मोझरी से शुरुआत
आंदोलन की शुरुआत आज 28 फरवरी से तिवसा के मोझरी स्थित पुराने आयुर्वेदिक अस्पताल में रक्तदान शिविर से की गई. रक्तदान के बाद किसानों के रक्त से लिखित स्मरण पत्र राज्य के मुख्यमंत्री फडणवीस को भेजने की घोषणा की गई. इस संबंध में जिलाधिकारी को तिवसा के तहसीलदार के मार्फत ज्ञापन सौंपा गया. इस आंदोलन में संजय देशुमख, योगेश लोखंडे, सुरेंद्र भिवगडे, दिलीप भुरडे, विशाल ठाकुर, अंकुश राउत, सुधीर वानखडे का समावेश रहा.
* राष्ट्रपति का मेलघाट में नहीं आना दुर्भाग्यजनक
देश की महामहिम राष्ट्रपति ने शेगांव में पहुंचकर संत गजानन महाराज के दर्शन किये. लेकिन उनका आदिवासी बहुल मेलघाट में नहीं आना दुभाग्यजनक है.
– पूर्व विधायक, बच्चू कडू.





