मोसीकॉल की जमीन पर बनाया जाए सुसज्ज व प्रशस्त बाजार

कांग्रेस नेताओं ने उठाई मांग

अमरावती/दि.14 – सरकार ने मोसीकॉल की जमीन को अपने कब्जे वापिस लेने के साथ ही अमरावती महानगर पालिका को हस्तांतरित करनी चाहिए और अमरावती शहर की जरुरत को देखते हुए अमरावती महानगर पालिका द्वारा इस जमीन पर इतवारा बाजार व शुक्रवार बाजार की तरह एक नया व तीसरा प्रशस्त बाजार स्थापित किया जाना चाहिए, इस आशय की मांग कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री डॉ. सुनील देशमुख, मनपा के नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले तथा पार्षद व कांग्रेस शहराध्यक्ष बबलू शेखावत द्वारा उठाई गई है. साथ ही इन तीनों नेताओं ने शहर के सभी जनप्रतिनिधियों से सरकार के समक्ष इस मांग के समर्थन में आवाज उठाने का आवाहन भी किया है.
बता दें कि, अमरावती शहर के बीचों-बीच विलास नगर के पास स्थित महाराष्ट्र तेल बियाणे महामंडल यानि मोसीकॉल के करीब 25 एकड खुले भुखंड की नीलामी प्रक्रिया को रोककर उस जमीन पर अमरावती शहर का तीसरा साप्ताहिक बाजार शुरु करने हेतु महानगर पालिका व जनप्रतिनिधियों द्वारा आवश्यक प्रयास किए जाए, ऐसी मांग सबसे पहले कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री डॉ. सुनील देशमुख द्वारा उठाई गई थी. इसके साथ ही पूर्व महापौर व मनपा के नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले तथा कांग्रेस शहराध्यक्ष व पार्षद बबलू शेखावत ने भी इस मांग का समर्थन किया था. गत रोज पणन मंत्री जयकुमार रावत ने विधान मंडल के जारी बजट सत्र के दौरान अमरावती स्थित मोसीकॉल कारखाने की जमीन की विक्री हेतु अमल में लाई जा रही निविदा प्रक्रिया को रद्द किए जाने का फैसला घोषित किया. जिस पर कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने खुशी जताई है.
मोसीकॉल कारखाने के खुले भुखंड को बेचने हेतु चलाई जा रही निविदा प्रक्रिया के रद्द होते ही पूर्व मंत्री डॉ. सुनील देशमुख, मनपा के नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले व पार्षद बबलू शेखावत ने कहा कि, हकीकत में उक्त जमीन राज्य सरकार की थी. जिसे राज्य सरकार ने सार्वजनिक उद्यम के लिए मोसीकॉल को दिया था. चूंकि अब मोसीकॉल का कारखाना हमेशा के लिए बंद हो चुका है तथा उक्त जमीन विगत कई वर्षों से बिना किसी उपयोग के खाली पडी है. ऐसे में अब सरकार ने उक्त जमीन को एक बार फिर अपने कब्जे में लेते हुए सार्वजनिक उपयोग हेतु अमरावती महानगर पालिका को हस्तांरित कर देना चाहिए. साथ ही अमरावती महानगर पालिका ने शहर के बीचों-बीच स्थित उस जमीन पर शहर की जरुरतों को ध्यान में रखते हुए शहर का तीसरा व प्रशस्त बाजार स्थापित करना चाहिए.
मोसीकॉल की 25 एकड जमीन के मामले में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेताओं का कहना रहा कि, शहर के बीचों-बीच स्थित 25 एकड के खुले भुखंड पर भूमाफियाओं की भी नजर है. ऐसे में महानगर पालिका ने तत्काल कार्रवाई करे हुए राज्य सराकर से इस जमीन की मांग करनी चाहिए. साथ ही अमरावती शहर के लगातार होते विस्तार को ध्यान में रखते हुए वहां पर सुसज्जित बाजार, प्रशस्त मार्केट व एक अ‍ॅम्युजमेंट पार्क का निर्माण कर अमरावती शहर को सुशोभित करना चाहिए और अमरावती शहर वासियों को सडकों पर होनेवाले अतिक्रमण से मुक्ति दिलानी चाहिए.
इसके साथ ही इस बेहद संवेदनशील विषय पर सबसे पहले आवाज उठानेवाले पूर्व मंत्री डॉ. सुनील देशमुख, पूर्व महापौर व नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले तथा कांग्रेस के शहराध्यक्ष व पार्षद बबलू शेखावत द्वारा उठाई गई मांग को पहले ही चरण में सफलता मिलने के चलते कांग्रेस तीनों नेताओं का सर्वत्र अभिनंदन किया जा रहा है.

Back to top button