20 लाख की फिरौती के लिए अपहृत युवक से छुड़ाया

अकोला पुलिस की बड़ी कार्रवाई

* दो आरोपी गिरफ्तार
अकोला/दि.17 – जलगांव से फिरौती के लिए अगवा किए गए एक युवक को अकोला स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने फिल्मी अंदाज में जाल बिछाकर सकुशल छुड़ा लिया है. सोमवार की तड़के जलगांव पुलिस से मिली गुप्त सूचना के आधार पर अकोला पुलिस ने उमरी इलाके में इस सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया.
घटनाक्रम के अनुसार, जलगांव के शनिवार पेठ इलाके से 19 वर्षीय युवक गणपत लाल घेवरा राम माळी का अपहरण कर लिया गया था. आरोपी यश जितेंद्र माकोडे और दर्शन कैलास गवली (दोनों निवासी जलगांव) ने युवक की रिहाई के बदले 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी. जलगांव एलसीबी के पुलिस निरीक्षक ने अकोला एलसीबी के पुलिस निरीक्षक शंकर शेलके को फोन कर जानकारी दी कि आरोपियों का लोकेशन अकोला में मिल रहा है.
सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक शंकर शेलके, जो उस समय पुलिस मुख्यालय में भर्ती बंदोबस्त में तैनात थे, तुरंत अपनी टीम के साथ सक्रिय हुए. पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उमरी क्षेत्र में घेराबंदी की और आरोपियों को धर दबोचा. पुलिस की इस मुस्तैदी के कारण अपहृत युवक को बिना किसी नुकसान के बचा लिया गया. गिरफ्तारी के बाद अकोला पुलिस ने दोनों आरोपियों और पीड़ित युवक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जलगांव पुलिस की टीम के हवाले कर दिया है. यह पूरी कार्रवाई अकोला पुलिस अधीक्षक अचिंत चांडक और अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी के मार्गदर्शन में पीआई शंकर शेलके, पीएसआई गोपाल जाधव और उनकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक पूरी की गई.

Back to top button