सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों को दिया जाए मृत्यु दंड
महिला कांग्रेस कमिटी ने उठाई मांग

* पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे को सौंपा ज्ञापन
अमरावती/दि.31 – विगत शनिवार की रात भानखेडा जंगल परिसर में अपने दोस्त के साथ जा रही 18 वर्षीय युवती के साथ मारपीट व लूटपाट करते हुए युवती से सामूहिक दुष्कर्म करनेवाले पांचों आरोपियों को जल्द से जल्द कडी से कडी सजा दी जाए. साथ ही उन्हें फांसी के फंदे पर लटकाया जाए, ताकि पीडिता को न्याय मिल सके, इस आशय की मांग का ज्ञापन शहर महिला कांग्रेस कमिटी द्वारा पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे को सौंपे गए ज्ञापन में की गई.
पुलिस आयुक्त राकेश ओला के नाम जारी किए गए इस ज्ञापन में महिला कांग्रेस की शहराध्यक्ष जयश्री वानखडे ने भानखेडा फाटा परिसर में घटित इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि, ऐसी घटनाओं के चलते महिलाओं में असुरक्षा की भावना जन्म लेती है और घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस होता है. जिसके चलते यह बेहद जरुरी है कि, ऐसी घटनाओं को बेहद संवेदनशील व गंभीर नजरिए से देखा जाए तथा विकृत मानसिकता वाले आरोपियों के खिलाफ कडी से कडी कार्रवाई की जाए. इस अवसर पर कांग्रेस की महिला पदाधिकारियों ने महज 12 घंटे के भीतर सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी पर संतोष जताते हुए पुलिस का इस कार्य हेतु अभिनंदन भी किया. साथ ही उम्मीद जताई कि, पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द चार्जशीट पेश की जाएगी. साथ ही साथ इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करते हुए आरोपियों को जल्द से जल्द कडी से कडी सजा दी जाए. जिसके तहत आरोपियों को फांसी की सजा भी मिलने हेतु प्रयास किए जाए.
ज्ञापन सौंपते समय कांग्रेस की महिला शहराध्यक्ष जयश्री वानखडे तथा पार्षद डॉ. अर्चना आत्राम व राजश्री जठाले सहित शीरिन खान, वंदना निरगुडे, भारती क्षीरसागर, किरण चांदोगडेकर, रोमिना मॉर्टीन के साथ ही कई महिलाएं उपस्थित थी.





