27 सालों की परंपरा का पालन करते हुए निकला सामूहिक बिंदोरा
आयुक्त सौम्या चांडक, महापौर तेजवानी, पार्षद विलास इंगोले, ललिता रतावा रहे उपस्थित

* गौड ब्राह्मण समाज व गौड महिला मंडल का आयोजन
अमरावती /दि.18 – लगातार 27 सालों की परंपरा का पालन करते हुए राजस्थानी संस्कृति का दर्शन कराने वाले गौड ब्राह्मण समाज व गौड ब्राह्मण महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सामूहिक बिंदोरा तथा शोभायात्रा का आयोजन किया गया. धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को पूर्ण रुप देने वाले इस आयोजन के माध्यम से राजस्थानी महिलाएं, युवतियों तथा नई-नवेली बहुओं का इसमें सहभाग होता है. पारंपारिक राजस्थानी वेशभूषा के साथ वे सभी इस आयोजन में उत्साह के साथ सहभागी होती है.
स्थानीय प्रभात चौक स्थित घंटाघर हनुमान मंदिर से मंगलवार, 17 मार्च की शाम इस वर्ष भी आयोजित इस भव्य सामूहिक बिंदोरा व शोभायात्रा की शुरुआत में गणगौर माता का पूजन कर बिंदोरा प्रारंभ हुआ. बिंदोरा बापट चौक, सरोज चौक, जवाहर गेट मार्ग, सक्करसाथ चौक से होते हुए छत्रपति बालाजी मंदिर में पहुंचा. यहां बिंदोरे का समापन हुआ. विविध चौक चौराहों पर गणगौर माता का पूजन करने महिलाएं दिखाई दी. मनपा आयुक्त सौम्या चांडक शर्मा ने सर्वप्रथम ईसर व गौरा का पूजन किया. वहीं बापट चौक में शहर के प्रथम नागरिक महापौर श्रीचंद तेजवानी ने भी गणगौर का पूजन कर आशीर्वाद लिया. वहीं जवाहर गेट परिसर में क्षेत्र के पार्षद तथा मनपा प्रतिपक्ष नेता विलास इंगोले, पार्षद ललीता रतावा, सुरेश रतावा, भाजपा युवा मोर्चा के शहराध्यक्ष विक्की शर्मा आदि ने भी ईसर-गौरा का पूजन किया.
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं के लिए गणगौर व साज-श्रृंगार प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था. जिसमें महिलाओं को राजस्थानी वेशभूषा में सहभागी होना था. वहीं अपने गणगौर स्वरुप को भी इसे वेशभूषा के साथ सजाना था. जिसमें कई महिलाओं ने सहभाग लेकर पुरस्कार जीते. संपूर्ण शोभायात्रा व परिसर गणगौर के गीतों से गूंज उठा. विविध चौक-चौराहों पर समाज की युवतियों द्वारा पारंपारिक घुमर नृत्य भी प्रस्तुत किये जा रहे थे. जिसमें भगवान शिव की आकर्षक विवाह की बारात और नंदी गण भी नृत्य करते दिखाई दिये. एक तरह से शोभायात्रा शिव पार्वती के मिलन की यात्रा समान प्रतित हो रही थी.
इस आयोजन को सफल बनाने गौड ब्राह्मण महिला मंडल और गौड ब्राह्मण सभा, गौड ब्राह्मण सलाहगार समिति, गौड ब्राह्मण नवयुवती तथा गौड ब्राह्मण नवयुवक मंडल के सदस्यों ने अथक प्रयास किये. प्रतियोगिता का निरीक्षण रेकी संस्था परिवार प्रमुख निकिता गोयनका व गुरु नमकीन प्रोजेक्ट डायरेक्टर अभिलाश अग्रवाल ने किया. शोभायात्रा के दौरान उपस्थित समाज की महिला व समाज बंधुओं को चॉकलेट, ठंडाई, मिल्क शेक का वितरण किया गया. अंत में महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया और उसके बाद सभी ने भोजन प्रसादी का आस्वाद लिया.
इस अवसर पर सीमा चौबे, तारा जोशी, सरोज पुरोहित, रंजना मानका, पुष्पा मानका, भाग्यश्री टोलीवाल, सुष्मा शर्मा, रेखा शर्मा, क्षमा तिवारी, अल्का शर्मा, मीना चौबे, मंजू तिवारी, लोकेश्वरी शर्मा, रंजना महर्षी, उमा शर्मा, मर्यादा शर्मा, सुनीता मानकर, शिल्पा जोशी, पूजा जोशी, कोमल महर्षी, सरिता पुरोहित, उमा व्यास, बबीता शर्मा, शालिनी शर्मा, कोमल शर्मा, गौड ब्राह्मण महिला मंडल अध्यक्षा मनीषा दीक्षित, गौड ब्राह्मण सभा अध्यक्ष नीतेश पाण्डेय, श्याम शर्मा, राजेश शर्मा, श्याम दीक्षित, वीरेंद्र शर्मा, राजेश शर्मा, श्याम दीक्षित, दीपक मानका, जीतू शर्मा, राजेंद्र मारवाल, बबलू तिवारी, राजेश जोशी, अनिल गौड सहित बडी संख्या में गौड ब्राह्मण समाज बंधु उपस्थित थे





