घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति पर प्रशासन और राजनेता आमने-सामने
सांसद ने कहा- दर्यापुर में एक किमी लंबी लाइन

* विधायक बोले- कालाबाजारी पर खुद गोदामों पर रेड करुंगा
* आपूर्ति अधिकारी ने दिया 17 हजार सिलेंडर उपलब्ध रहने का ब्यौरा
अमरावती/दि.1 – घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की गांव और देहातों व नगरों में एक माह से चल रही मारामारी के बीच आज प्रशासन और राजनेता आमने-सामने आ गये हैं. कांग्रेस सांसद बलवंत वानखडे ने दावा किया कि, आज सबेरे ही उन्होंने दर्यापुर में सिलेंडर के लिए एक किमी लंबी कतार देखी. लोग तडके तीन बजे से लाइन लगा रहे हैं. वहीं विधायक रवि राणा ने कहा कि, उन्होंने जिलाधीश, विभागीय आयुक्त और पुलिस आयुक्त से गैस सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने कहा है. 4-5 दिनों में ऐसा नहीं हुआ तो वे स्वयं गोदामों पर छापे मारेंगे. उन्हें पता है किसने कहां कितने सिलेंडर छिपा रखे हैं. उधर आपूर्ति अधिकारी निनाद लांडे ने दावा किया कि, आज तीनों तेल कंपनियां मिलाकर 14030 सिलेंडर की आपूर्ति की गई. उसी प्रकार आज की घडी में 16981 सिलेंडर्स अमरावती में उपलब्ध है. उन्होंने 230 व्यावसायिक सिलेंडर भी सप्लाय किये जाने की जानकारी दी. बता दें कि, व्यावसायिक सिलेंडर केवल अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों, छात्रावास की कैंटीन के लिए ही दिये जाने का आदेश गत महीनेभर से लागू है. जिसके कारण होटल संचालकों को इंधन के अन्य उपाय अपनाने पडे हैं. कई स्टॉल बंद किये गये हैं. मेनू घटाए गये हैं. विधायक सुलभा खोडके ने भी इस संदर्भ में शीघ्र प्रशासन के साथ्ज्ञ मीटींग करने की बात कहीं. उन्होंने बताया कि, शहर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई बराबर चल रही हैं. आपूर्ति भी हो रही हैं.
* क्या कहा डीएसओ ने
जिला आपूर्ति अधिकारी डॉ. निनाद लांडे ने आज के गैस सिलेंडर के तीनों कंपनियों सहित आंकडे जारी किये. जिसके अनुसार एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल के 56 वितरकों के इतने ही गोदामों में 16981 सिलेंडर उपलब्ध है. नियमित ग्राहकों को 14030 सिलेंडर वितरीत किये गये. डॉ. लांडे ने बताया कि, आपूर्ति बराबर जारी है. राशनिंग उपर से हो रही हैं. शासनादेश के अनुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाये जा रहे हैं. दो सिलेंडर के बीच की बुकिंग की अवधि भी सरकार और कंपनियों ने निर्धारित की है. उन्होंने बताया कि, देहातों में केरोसीन की आपूर्ति के बारे में अब तक जिले में कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है. उसके भी वितरक तय होना बाकी है.
* सांसद का बडा आरोप
जिले के सांसद बलवंत वानखडे ने दावा किया कि, आज सुबह 7 बजे ही उन्हें गैस सिलेंडर के संदर्भ में जिलाधीश को फोन करना पडा. उन्होंने खुद देखा कि, दर्यापुर में गैस एजेंसी के बाहर लगभग एक किमी लंबी कतार लगी है. वानखडे ने कहा कि, मंत्री लोढा ने 5-5 सिलेंडर देने के लिए आपूर्ति मंत्री भुजबल को पत्र लिखा. इस पर से स्थिति स्पष्ट हो जाती है. एक मंत्री को गैस सिलेंडर के लिए पत्र लिखना पड रहा है. सांसद वानखडे ने यह भी कहा कि, फिर सत्ताधीश विपक्ष पर अफवाहें फैलाने का आरोप करता है. जबकि हकीकत यह है कि, गांवों में भयंकर गैस संकट है. सरकार का नियोजन गडबडाया हुआ हैं.
* विधायक रवि राणा करेंगे शासन से चर्चा
अमरावती में होटल व्यवसायियों को कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति बंद किये एक माह बीत गया है. होटल कारोबारियों ने डीजल भट्टी, लकडी की भट्टी, इंडक्शन के पर्याय अपनाए हैं. मेनू भी कम किये गये है. ऐसे में विधायक रवि राणा ने अमरावती मंडल से चर्चा दौरान कमर्शियल सिलेंडर होटल व्यवसायियों को उपब्ध कराने के बारे में सरकार से चर्चा करने की बात कही. उन्होंने राहत दिलाने का दावा कर कहा कि, कुछ मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध होने चाहिए. इसके लिए वे सीएम और आपूर्ति मंत्री से अवश्य चर्चा करेंगे.
* गोदामों पर मारेंगे छापे
विधायक राणा ने बताया कि, उन्होंने अधिकारियों को 4-5 दिनों का समय दिया है. सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाले लोगों को पकडने के निर्देश जिलाधीश, विभागीय आयुक्त और पुलिस आयुक्त को दिये हैं. कार्रवाई नहीं होती है, तो वे स्वयं ऐसे गोदामों और ठिकानों पर छापे मारेंगे, जहां ब्लैक मार्केट के लिए सिलेंडर जमा कर रखे गये हैं. उन्हें पूरी जानकारी हैं.
* अमरावती में एलपीजी सिलेंडर का स्टॉक
कंपनी का नाम वितरक गोदाम स्टॉक
एचपीसीएल 14 14 5251
बीपीसीएल 17 17 6447
आईओसीएल 25 25 5283
कुल 56 56 16981
* पेट्रोल-डीजल का 6 दिनों का स्टॉक
अमरावती जिले में पेट्रोल और डीजल का भरपूर स्टॉक होने का दावा अधिकृत सूत्रों ने किया. उन्होंने बताया कि, वितरकों द्वारा आर्डर प्लेस करते ही नियमित अंतराल में लोड उपलब्ध हो रहा है. आज की घडी में जिले की रोजमर्रा की खपत को देखते हुए 6 दिनों का स्टॉक होने की जानकारी पेट्रोल डीलर्स एसो. के सचिव सौरभ जगताप ने दी.





