प्रशासक राज में हुए गलत कामों को करेंगे उजागर

नियमबाह्य दिए गए ठेकों की भी होगी पडताल

* कांग्रेस से मनपा के स्वीकृत सदस्य मिलिंद चिमोटे का कथन
अमरावती /दि.26 अमरावती महानगर पालिका में 4 वर्ष तक चले प्रशासक राज के दौरान जमकर मनमानी हुई है और मनपा प्रशासन द्वारा कई गलत काम भी किए गए. जिसके तहत नियमबाह्य तरीके से साफ-सफाई सहित अन्य कई ठेके आवंटित किए गए. ऐसे सभी गलत एवं नियमबाह्य कामों की अब मनपा के सदन में जांच-पडताल करवाई जाएगी और प्रशासकों की मनमानी को जनता के सामने उजागर भी किया जाएगा, इस आशय का प्रतिपादन मनपा के स्वीकृत पार्षद व पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे द्वारा किया गया.
अमरावती महानगर पालिका में कांग्रेस की ओर से स्वीकृत सदस्य नियुक्त किए जाने के बाद दैनिक ‘अमरावती मंडल’ से विशेष तौर पर बातचीत करते हुए पूर्व महापौर व स्वीकृत पार्षद मिलिंद चिमोटे ने कहा कि, वे इससे पहले भी अमरावती महानगर पालिका में जननिर्वाचित व स्वीकृत पार्षद रहने के साथ ही महापौर भी रह चुके है. जिसके चलते उन्हें मनपा के सभागृह में काम करने और जनता की आशाओं व अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा अनुभव है. ऐसे में सबसे पहले तो वर्ष 2017 से वर्ष 2022 तक अमरावती मनपा में भाजपा के कार्यकाल दौरान और फिर अगले 4 वर्ष तक प्रशासक राज के दौरान हुए गलत कामों का पूरी तरह से ‘पोस्टमार्टम’ किया जाएगा. साथ ही विगत 4 वर्षों के दौरान संपत्ति कर व साफ-सफाई जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन करते हुए कांग्रेस द्वारा अमरावतीवासियों को दिए गए आश्वासनों की पूर्तता भी की जाएगी.
इसके साथ ही स्वीकृत पार्षद मिलिंद चिमोटे ने यह भी कहा कि, आनेवाले समय में आम जनता को किसी भी काम के लिए अमरावती महानगर पालिका के चक्कर न काटना पडे, ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था की जाएगी. साथ ही साथ शहर के सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा युवाओं व दिव्यांगों के लिए रोजगार उपलब्ध कराने पर भी प्राथमिकता दी जाएगी. इसके अलावा इस बातचीत में पूर्व महापौर व स्वीकृत पार्षद मिलिंद चिमोटे ने यह भी कहा कि, अमरावती शहर को कचरामुक्त तथा कचरा माफिया मुक्त करने का भी पूरा प्रयास किया जाएगा.

 

Back to top button