‘ब्रेकअप’ के बाद युवक ने प्रेमिका से की मारपीट
राजापेठ थाना क्षेत्र की घटना, मामला दर्ज

अमरावती/ दि. 27- प्रेम संबंधों चलते प्रेमी द्बारा संदेह किए जाने पर परेशान युवती ने ब्रेकअप किया. उसके बावजूद प्रेेमी युवक उसका पीछा करता रहा और कोचिंग क्लास जाते समय संबंधित युवती को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए मोबाइल झपटकर फेंक दिया. पीडिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक अनिकेत (25) के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह घटना राजापेठ थाना क्षेत्र में घटित हुई.
जानकारी के मुताबिक पीडित युवती शिक्षा ले रही है और वह राजापेठ थाना क्षेत्र में कोचिंग क्लास जाती है. उसकी सहेली के विवाह में अनिकेत के साथ उसकी पहचान हुई. उसने युवती को अपना मोबाइल नंबर दिया और मैसेज भेजना शुरू किया. पश्चात उनके बीच बातचीत और मेल मिलाप शुरू हुआ. तब अनिकेत ने युवती को प्रपोज किया. दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुए. लेकिन पिछले एक माह से अनिकेत अपनी प्रेमिका पर संदेह कर रहा था और कॉलेज के लडकों के साथ बातचीत करने पर वह गालीगलौज करने लगा. इस परेशानी से तंग आकर छात्रा ने ब्रेकअप कर लिया. 25 फरवरी को वह कोचिंग क्लास जा रही थी तब अनिकेत उसके पीछे आया और बीच रास्ते में रोककर सवाल जवाब करने लगा. फोन रिसीव न करने के कारण पर से उसने पीडिता के साथ मारपीट की. साथ ही यह भी कहने लगा कि वह उससे बेइंतहा प्यार करता है और उसके बगैर नहीं रह सकता. लेकिन पीडिता ने उससे अपने पीछे न आने की सलाह दी. तब अनिकेत ने उससे गालीगलौज करते हुए घर आकर तमाशा करने और जान से मारने की धमकी दी. साथ ही छात्रा का मोबाइल झपट कर फेंक दिया. इस कारण पीडिता का मोबाइल फुटने से 5 हजार रूपए का नुकसान हुआ. शिकायत के आधार पर राजापेठ पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 78, 352, 351 (3), 324 (4), 115 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.