पीडीएमसी में मृत महिला के आभूषण चोरी का आरोप

परिजनों का जमकर हंगामा

* डॉक्टर और अस्पताल के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप
* गाडगे नगर थाने में शिकायत दर्ज
* जांच के आश्वासन के बाद हुआ मामला शांत
* शनिवार देर रात की घटना
अमरावती /दि.9– बडनेरा शहर की 50 वर्षीय महिला नलिनी अनिल श्रीरामवार की पीडीएमसी अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु के बाद उनके आभूषण चोरी होने का आरोप सामने आया है. इस घटना को लेकर मृतका के परिजनों और परिचितों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया तथा अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. गाडगे नगर पुलिस द्वारा मामले की जांच करने का आश्वासन देने के बाद मामला शांत हुआ और मृतक महिला का शव परिजन ले गये. पश्चात रविवार को अपरान्ह 4 बजे हिंदू श्मशान भूमि पर शोकाकुल वातावरण में अंत्येष्टि की गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार 7 फरवरी की शाम नलिनी श्रीरामवार की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें पीडीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उपचार के दौरान उसी दिन देर रात करीब 1.30 बजे उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई. मृत्यु के बाद जब परिजनों ने शव देखा तो उन्होंने महिला के आभूषण गायब होने का आरोप लगाया. मृतका के पति ने बताया कि मंगलसूत्र तो मौजूद था, लेकिन कान के जुमके गायब थे. इसको लेकर परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार करने तथा लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया. घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया और काफी देर तक हंगामा चलता रहा. मृतक महिला के रिश्तेदार और क्षेत्र के नागरिक बडी संख्या में रात के समय पीडीएमसी अस्पताल पहुंच गये थे. मामले की सूचना गाडगे नगर पुलिस को मिलते ही पुलिस का दल तत्काल अस्पताल आ पहुंचा. पुलिस ने मध्यस्थता कर मामला शांत करवाया. मृतक के परिजनों का कहना था कि, नलिनी श्रीरामवार को जब मृत घोषित किया गया, तब तक उसके कान में सोने के झूमके थे, लेकिन बाद में वह गायब हो गये. इस कारण अस्पताल के सीसीटीवी फूटेज देखे जाये. लेकिन अस्पताल प्रशासन यह बात मानने के लिए तैयार नहीं था और जो होता कर लो की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा था. मृतक के परिवार की तरफ से गाडगे नगर थाने में शिकायत दर्ज की. पश्चात पुलिस अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों का आक्रोश शांत हुआ. पुलिस के अनुसार अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद ही आभूषण चोरी के आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो पाएगी.

Back to top button