अमरावती 39, अकोला 40
गर्मी आ धमकी, देश में सबसे हॉट पश्चिम विदर्भ

* अगले कुछ दिनों में और चढेगा पारा
अमरावती/दि.5 – पश्चिम विदर्भ के सभी जिले इस समय देश के सबसे गर्म क्षेत्र के रुप में दर्ज किये जा रहे हैं. अकोला 40 तो अमरावती 39 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ देश में सबसे गर्म रहने का दावा किया जा रहा है. इतना ही नहीं तो मार्च में ही पारा 40 डिग्री को पार हो जाने की संभावना प्रादेशिक मौसम विभाग ने व्यक्त की है. जिससे मारे गर्मी के कारण लोगों का हाल बुरा हो रहा है.
* देश मेें पश्चिम विदर्भ हॉट
प्रादेशिक मौसम विभाग ने बताया कि, बुधवार को अकोला का अधिकतम पारा 39.3 डिग्री सेल्सियस रहा. आज वह 40 डिग्री को पार कर गया. ऐसा ही तापमान वाशिम और वर्धा में भी दर्ज किया गया है. अमरावती 39 डिग्री के साथ लगातार हॉट हो रहा है. यवतमाल में 38 तो बुलढाणा में 37 डिग्री तापमान रहने की जानकारी प्रादेशिक मौसम केंद्र ने दी. उन्होंने बताया कि, देश मेें पश्चिम विदर्भ का क्षेत्र सबसे गर्म रहा है. इतना ही नहीं तो अगले कुछ दिनों में पारा और चढने की संभावना बतायी जा रही है. विदर्भ में होली का त्यौहार होने के बाद गर्मियां परवान चढती है.
* निकले कूलर, साफ-सफाई शुरु
बढते तापमान की वजह से शहरवासी कूलर निकाल रहे हैं. उसे साफ कर उसकी खस की टाटी बदलने कारीगर बुला रहे हैं. ऐसे ही एसी की डिमांड बढने की जानकारी इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण विक्रेता केडिया मॉल एवं मुरली इलेक्ट्रॉनिक्स, बाहेती इंटरप्राइजेस के संचालक दे रहे हैं. अभी से टन और डेढ टन के एसी की पूछ परख शुरु हो गई है. कुछ यूनिट बुक हो गये हैं. उधर डेजर्ट और रुम कूलर्स की डिमांड आने वाले दिनों में चरम पर होने की संभावना मार्केट के जानकारों ने व्यक्त की है.
* बदला खानपान, शीतपेयों पर जोर
मार्च महीने की शुरुआत हो जाने से पश्चिम विदर्भ के बाशिंदे अपने खानपान में यथोचित बदलाव करते हैं. इसीलिए शीतपेय, शरबत, श्रीखंड, दूध, दही का खानपान बढ गया है. उसी प्रकार कार्यक्रमों के मेनू भी मौसम के गर्म होते मिजाज को देखते हुए तय हो रहे हैं. उधर डॉक्टर्स ने धूप के बचाव के उपाय करने का आवाहन करने का सिलसिला शुरु कर दिया है.





