मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में अमरावती जिला राज्य में तृतीय

विदर्भ में अव्वलजिलाधिकारी ने बैंकों को लगाई कड़ी फटकार

अमरावती /दि.11- मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत अमरावती जिले ने उल्लेखनीय प्रगति करते हुए कर्ज स्वीकृति में विदर्भ में प्रथम तथा राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया है. यह जानकारी 10 फरवरी 2026 को नियोजन भवन में जिलाधिकारी आशीष येरेकर की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में दी गई.
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जिले को 1600 कर्ज प्रकरणों का लक्ष्य दिया गया है. अब तक 3,704 प्रस्ताव बैंकों को भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 802 प्रकरणों को स्वीकृति मिल चुकी है. जिलाधिकारी ने 25 फरवरी 2026 तक 100 प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों को ‘एक्शन मोड’ में काम करने को कहा.सरकारी योजनाओं के तहत ऋण स्वीकृति में निजी बैंकों की उदासीनता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने आईसीआईसीआई, एक्सिस, एचडीएफसी और यस बैंक के अधिकारियों को बैठक से बाहर जाने के निर्देश दिए.नवउद्यमी युवक-युवतियों को प्रोत्साहन देने हेतु फरवरी अंत में अमरावती में ‘स्वरोजगार महासम्मेलन’ आयोजित किया जाएगा. यह सम्मेलन पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे की अध्यक्षता में होगा. सम्मेलन में स्वरोजगार से उत्पादित वस्तुओं की बिक्री के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे. प्रशासन ने बेरोजगार युवाओं से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया है.

 

Back to top button