अप्रैल से अमरावती को मिलेगी रात की उड़ान
नाइट लैंडिंग उपकरणों का टेंडर जारी, बेलोरा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग होगी शुरू

* 24÷बाय 7 काम करेगा एअरपोर्ट, डीजीसीए निरीक्षण के बाद मिलेगी अंतिम मंजूरी, रनवे विस्तार की भी तैयारी
* विमानतल होगा अपग्रेड, नए उपकरणों से भी सुसज्जित होगा एअरपोर्ट
अमरावती/दि.20 – शहर के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित सुविधा अब हकीकत बनने जा रही है. अमरावती के बेलोरा हवाई अड्डे पर अप्रैल माह से रात में विमान उतरने-उड़ान भरने की सुविधा (नाइट लैंडिंग) शुरू होने की संभावना है. इसके लिए महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी (एमएडीसी) ने आवश्यक तकनीकी उपकरण स्थापित करने हेतु टेंडर जारी कर दिया है, जबकि डीजीसीए टीम ने नागरिक कार्यों का निरीक्षण कर प्रारंभिक मंजूरी भी दे दी है.
* क्या-क्या होगा नया
– रनवे पर नाइट लैंडिंग लाइटिंग सिस्टम लगाया जाएगा
– एंटेना और नेविगेशनल उपकरण स्थापित होंगे
– एयरपोर्ट विस्तार के लिए कंसल्टेंसी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू
– डीजीसीए निरीक्षण के बाद तकनीकी स्वीकृति दी जाएगी
– अप्रैल तक उड़ानों की रात में आवाजाही संभव
* यात्रियों को बड़ा फायदा
नाइट लैंडिंग शुरू होने के बाद अमरावती से सीधे प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें शुरू करने का रास्ता साफ होगा, जिनमें दिल्ली, कोलकाता, अहमदाबाद, सूरत, बेंगलुरु जैसे शहरों का समावेश है. अभी इन शहरों की यात्रा के लिए यात्रियों को नागपुर एयरपोर्ट जाना पड़ता है. नई सुविधा से समय और खर्च दोनों की बचत होगी.
* रनवे विस्तार भी प्रस्तावित
एयरपोर्ट को भविष्य के बड़े विमानों के लिए तैयार किया जाएगा. इसके तहत रनवे लंबाई बढ़ाने की योजना, जमीन अधिग्रहण व सर्वे, अतिरिक्त यात्री सुविधाओं का विकास, आर्थिक और पर्यटन विकास को गति आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. विशेषज्ञों के अनुसार पूर्ण सुविधायुक्त अमरावती विमानतल बनने से व्यापारिक निवेश बढ़ेगा. पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. औद्योगिक संपर्क मजबूत होगा. विदर्भ क्षेत्र की कनेक्टिविटी सुधरेगी. अधिकारियों का कहना है कि, नाइट लैंडिंग कार्य पूरा करने की डेडलाइन मार्च तय की गई है. डीजीसीए परीक्षण सफल होने के बाद नियमित रात्री उड़ानें शुरू हो जाएंगी.
कुल मिलाकर, अप्रैल 2026 अमरावती के हवाई इतिहास में महत्वपूर्ण महीना साबित हो सकता है – शहर पहली बार 24÷7 एयर कनेक्टिविटी की ओर बढ़ रहा है. एयरपोर्ट को भविष्य के बड़े विमानों के लिए तैयार करने हेतु रनवे विस्तार का प्रस्ताव तैयार किया गया है. इसके लिए सर्वे, भूमि अधिग्रहण और कंसल्टेंसी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.





