साढे 80 किलो गांजा एएनटीएफ के दल ने पकडा

एक आरोपी गिरफ्तार, तीन अन्य फरार

* कार, दुपहिया समेत कुल 21.12 लाख रुपए का माल जब्त
* फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के मार्डी रोड के अच्युत महाराज हार्ट हॉस्पिटल के पास कार्रवाई
अमरावती/दि.7- शहर के एएनटीएफ (मादक पदार्थ विरोधी टास्क फोर्स) के दल ने मिली जानकारी के आधार पर शुक्रवार 6 फरवरी की रात मार्डी रोड के अच्युत महाराज हार्ट हॉस्पिटल के पास जाल बिछाकर एक कार से 80 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि उसके तीन साथी वहां से फरार होने में सफल हो गए. एएनटीएफ के दल ने कार, दुपहिया और गांजा समेत कुल 21 लाख 12 हजार रुपए का माल जब्त किया हैं.
एएनटीएफ के पुलिस उपअधीक्षक गजानन विखे द्बारा दी गई जानकारी के मुताबिक उनका दल शुक्रवार को पेट्रोलिंग कर रहा था तब उन्हें जानकारी मिली की चार व्यक्ति नीले रंग के वाहन क्रमांक एमएच-02-बीडी-1637 में मार्डी रोड के अच्युत महाराज हार्ट हॉस्पिटल के पास गांजा लेकर आनेवाले है. इस जानकारी के आधार पर एएनटीएफ के दल ने जाल बिछाया और संबंधित नंबर का वाहन वहां पहुंचते ही पुलिस के दल ने उन्हें घेर लिया. पुलिस को देखते ही तीन सदस्य वहां से भाग गए. लेकिन एक को कब्जे में लेकर उससे पूछताछ की तब उसने अपना नाम मोगरा ग्राम निवासी बालु बंसी पवार (39) बताया. कार की तलाशी लेने पर 16 लाख 2 हजार रुपए मूल्य का 80 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने हुंडाई कंपनी की सेंट्रो कार, एक यामाहा कंपनी की मोटर साईकिल क्रमांक एमपी-48-एनए-6449, एक ओपो कंपनी का मोबाईल समेत कुल 21 लाख 12 हजार रुपए का माल जब्त कर लिया. फ्रेजरपुरा थाने में मामला दर्ज कर एएनटीएफ के दल ने जांच शुरू की है. यह कार्रवाई नागपुर के पुलिस अधीक्षक अजय टिके के मार्गदर्शन में उपअधीक्षक गजानन विखे के नेतृत्व में सहायक निरीक्षक समाधान मचाले, पूनम जगताप, के दल ने की.

Back to top button