शब-ए-बारात पर इबादत और दुआओं का माहौल

हजारों हाथ उठे मगफिरत के लिए

अमरावती/दि.4-शब-ए-बारात के मुबारक मौके पर शहरभर में इबादत, तिलावत और दुआओं का सिलसिला पूरी रात जारी रहा. मस्जिदों और घरों में अल्लाह की इबादत में लोग मशगूल नजर आए, वहीं मगफिरत और रहमत के लिए हजारों हाथ दुआ में उठे. इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग अपने मरहूम अजीजों के लिए दुआ करने कब्रिस्तान पहुँचे. कब्रिस्तान में देर रात तक रौनक बनी रही और लोगों ने अपने पूर्वजों की मगफिरत के लिए खास दुआएं मांगीं.
मिस्किनशाह मस्जिद से मुफ्ती शरफुद्दीन साहब के नेतृत्व में काफिले की शक्ल में लोग कब्रिस्तान पहुँचे. सभी ने शब-ए-बारात की रात इबादत करते हुए अपने महरूम रिश्तेदारों के लिए अल्लाह से रहमत और मगफिरत की दुआ की. शब-ए-बारात के अवसर पर शहर के विभिन्न हिस्सों में नास्ते, शरबत और पानी की जगह-जगह व्यवस्था की गई थी. समाजसेवियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा लिया, जिससे भाईचारे और इंसानियत का पैगाम देखने को मिला. कुल मिलाकर शब-ए-बारात की रात शहर में अकीदत, अमन और इबादत के रंग में रंगी रही.

Back to top button