बुजूर्ग और युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

फ्रेजरपुरा व बडनेरा थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती /दि.30 – विगत 24 घंटे के दौरान शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक बुजूर्ग और एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की दो घटनाएं घटित हुई. जिसके तहत फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवीनगर वडाली परिसर में रहनेवाले शेषराव भामराव भोंडे (70) तथा अकोली परिसर की संरक्षण कॉलोनी में रहनेवाले गणेश किसनराव अवघाते (34) द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले सामने आए. दोनों ही घटनाओं में आकस्मिक मौत के मामले दर्ज करते हुए फ्रेजरपुरा व बडनेरा पुलिस ने जांच करनी शुरु कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार फ्रेजरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत वडाली परिसर के देवीनगर में रहनेवाले शेषराव भोंडे पिछले एक वर्ष से कैंसर की बीमारी से पीडित थे और उनका इलाज चल रहा था. करीब तीन महिने पहले उनका ऑपरेशन भी हुआ था. जिसके बाद वे शारीरिक रुप से काफी कमजोर और मानसिक रुप से परेशान रहने लगे थे. शनिवार की रात लगभग परिवार के सभी सदस्य घर पर ही थे. देर रात करीब 3 बजे पडोसी सत्यम मिसाल ने फोन पर सूचना दी कि, नितिन के पिता ने घर के हॉल के सामने लोहे की ग्रील पर साडी के सहारे फांसी लगा ली है. सूचना मिलने पर परिजनों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी. रिपोर्ट में किसी पर परिजनों द्वारा संदेह व्यक्त नहीं किया गया है. पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरु कर दी है.
वहीं दूसरी ओर बडनेरा पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत अकोली परिसर की संरक्षण कॉलोनी हरीसिद्धी माता मंदिर के पास रहनेवाले गणेश अवघाते के भाई-भाभी व मां अकोली गांव में रहनेवाली बहन के घर गए थे और गणेश अवघाते घर पर अकेला ही था. जिसने बेडरुम में बंधे झूले की रस्सी से खुद को फांसी लगाते हुए आत्महत्या कर ली. इस घटना का खुलासा उस वक्त हुआ, जब देर रात परिवार के सभी लोग घर वापिस लौटे तथा उन्होंने दरवाजे पर दस्तक दी, लेकिन भीतर कोई प्रतिसाद नहीं मिला और दरवाजा तोडकर भीतर जाने के बाद गणेश अवघाते फांसी के फंदे पर झूलता दिखाई दिया. जिसकी सूचना तुरंत ही बडनेरा पुलिस को दी गई. पश्चात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया और आकस्मिक मौत का मामला दर्ज करते हुए जांच करनी शुरु की.

Back to top button