जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों में देरी पर नाराजगी

अतिरिक्त कंप्यूटर ऑपरेटर नियुक्त करने की मांग

* नगरसेविका स्नेहा लुल्ला ने विधि अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
अमरावती/दि.9- शहर के रामपुरी स्थित जोन क्रमांक-1 के जन्म-मृत्यु पंजीकरण विभाग में कामकाज धीमा होने से नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस संबंध में शिवसेना (शिंदे गुट) नगरसेविका स्नेहा लुल्ला ने अमरावती मनपा के विधि अधिकारी को ज्ञापन देकर विभाग में अतिरिक्त कंप्यूटर ऑपरेटर और कर्मचारियों की तत्काल नियुक्ति करने की मांग की गई है.
नगरसेविका स्नेहा लुल्ला ने ज्ञापन में बताया गया है कि पिछले करीब चार महीनों से जोन क्रमांक-1 के जन्म-मृत्यु पंजीकरण विभाग में कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है, जिसके कारण हजारों आवेदन लंबित पड़े हैं. कर्मचारियों की कमी के कारण प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया बाधित हो रही है और नागरिकों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. बताया गया कि आगामी 12 मार्च से स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने वाली है और नए प्रवेश के लिए जन्म प्रमाणपत्र अनिवार्य दस्तावेज है. यदि समय पर प्रमाणपत्र नहीं मिलते हैं तो हजारों बच्चों के स्कूल प्रवेश पर असर पड़ सकता है और उनके शैक्षणिक भविष्य पर भी संकट खड़ा हो सकता है. ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि विभाग में न तो पर्याप्त सरकारी कर्मचारी हैं और न ही कंत्राटी कर्मचारी, जिसके कारण काम का बोझ बढ़ गया है और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है. इसलिए प्रशासन से मांग की गई है कि जोन क्रमांक-1 सहित महानगरपालिका के सभी जोनों में तत्काल अतिरिक्त कंप्यूटर ऑपरेटर और आवश्यक कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए, ताकि लंबित पड़े जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों का निपटारा तेजी से कर नागरिकों को राहत मिल सके.

Back to top button