बिजीलैंड के आराधना शॉपिंग मॉल में फिर सेंधमारी
40 हजार रुपये नगद पार, सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध

अमरावती/दि.2 – शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र बिजीलैंड स्थित आराधना शॉपिंग मॉल में एक बार फिर देर रात सेंधमारी की वारदात सामने आई है. अज्ञात चोर ने शटर तोड़कर भीतर प्रवेश किया और काउंटर के गल्ले से करीब 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया. घटना शुक्रवार, 27 फरवरी की देर रात नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
* एक माह में दूसरी वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नागपुर रोड स्थित बिजीलैंड परिसर के आराधना शॉपिंग मॉल का शटर तोड़कर चोर अंदर घुसा. शनिवार सुबह जब संचालक और कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे, तब चोरी का खुलासा हुआ. उल्लेखनीय है कि ठीक एक माह पूर्व 25 जनवरी को भी इसी मॉल में इसी तरह शटर तोड़कर करीब 21 हजार रुपये की चोरी हुई थी. उस मामले में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी. एक ही स्थान पर एक जैसे तरीके से दोबारा वारदात होने से व्यापारियों में रोष व्याप्त है.
* सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध
घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध चोर कैद हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस दल घटनास्थल पहुंच गया. डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया. मॉल संचालक पूरनसेठ हबलानी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया है.
* व्यापारियों में असुरक्षा की भावना
बिजीलैंड, सिटीलैंड और ड्रीमलैंड जैसे प्रमुख व्यापारिक हब में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. उनका कहना है कि पूर्व की घटनाओं में भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं. व्यापारियों ने क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है.





