मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर फिर भीषण हादसा
आईआईटी मुंबई के तीन छात्रों की मौत

खोपोली/लोणावला/दि.19 – मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लगातार दूसरे दिन एक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है. गुरुवार सुबह लोणावला के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में आईआईटी मुंबई के तीन छात्रों की मौत हो गई. इस घटना के बाद एक्सप्रेसवे की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक लोणावला से मुंबई की ओर लौट रहे थे, तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों छात्र उसमें फंस गए. मृतकों की पहचान ओमकुमार बोरसे (23), लय भारत (22) और श्रेयांश शर्मा के रूप में हुई है, जो पवई स्थित आईआईटी मुंबई में अध्ययनरत थे.
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ओवरटेक करने के दौरान कार का संतुलन बिगड़ने से यह दुर्घटना हुई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, बचाव दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी इसी एक्सप्रेसवे पर कंटेनर दुर्घटना में तीन लोगों की जान गई थी. इस प्रकार महज 24 घंटों में छह लोगों की मौत ने प्रशासन और यात्रियों दोनों की चिंता बढ़ा दी है. हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया. लगातार हो रही दुर्घटनाओं के चलते अब एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग तेज हो गई है.





