आरोग्यम का सामाजिक उपक्रम : डॉक्टर आपके द्वार

अकोली में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर : मनपा स्वास्थ्य विभाग का सहयोग

अमरावती /दि.17 स्वास्थ्य सुविधाएं कितनी भी आधुनिक क्यों न हों, कई नागरिक विभिन्न कारणों से उनका पूरा लाभ नहीं ले पाते. वास्तव में चिकित्सा क्षेत्र सेवा का क्षेत्र है. इसी सामाजिक प्रतिबद्धता के अंतर्गत आरोग्यम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा अकोली, साईनगर क्षेत्र में हाल ही में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य जांच का लाभ लिया.
यह शिविर अकोली क्षेत्र के सिद्धेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित किया गया. आरोग्यम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं मनपा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में आरोग्यम के प्रमुख डॉ. रोहित हातगावकर, स्त्री रोग एवं प्रसूति विशेषज्ञ डॉ. उर्वशी हातगावकर, डॉ. अक्षय हटवारे, डॉ. शिखा चावला, डॉ. ऋतुजा शिंगरूप, डॉ. राजश्री हटवारे, डॉ. चेतन चव्हाण सहित अस्पताल के समस्त डॉक्टर व कर्मचारी तथा मनपा स्वास्थ्य विभाग की डॉ. अश्विनी खडसे, डॉ. अमित रूद्रकार एवं उनकी टीम ने भाग लिया. सभी आयु वर्ग के मरीजों की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार किया गया. शिविर में रक्त परीक्षण, शुगर जांच, बीपी जांच, नेत्र जांच आदि सेवाएं प्रदान की गई तथा सभी मरीजों को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं.
इस आयोजन में सिद्धेश्वर मंदिर संस्थान के अध्यक्ष दिलीप कोकाटे, लकी आगरकर, प्रमोद मुरडे, अमित रूद्रकार, आशा वर्कर स्मिता चेडे, अशद अहमद, स्वीटी रायबोले, संगीता तरूणे, सुनीता काटवे का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ. लाभार्थियों ने बताया कि उन्हें न केवल निःशुल्क जांच का लाभ मिला बल्कि स्वस्थ जीवनशैली के बारे में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ.
* महिलाओं के लिए विशेष मार्गदर्शन
शिविर के दौरान डॉ. उर्वशी हातगावकर ने युवतियों एवं महिलाओं के लिए विशेष सत्र आयोजित किया. मंदिर सभागार में महिलाओं से संबंधित समस्याओं, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक परिवर्तन, बढ़ती आयु के प्रभाव एवं आवश्यक सावधानियों पर विस्तृत जानकारी दी गई.
* स्वास्थ्य जागरूकता आवश्यक
आरोग्यम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के प्रमुख डॉ. रोहित हातगावकर ने कहा कि चिकित्सा सेवा मूलतः सेवा का क्षेत्र है. आधुनिक सुविधाओं के बावजूद नागरिक अक्सर स्वास्थ्य जांच को नजरअंदाज करते हैं. ऐसे में स्वास्थ्य शिविर अत्यंत आवश्यक हैं. आरोग्यम हॉस्पिटल अमरावती शहर एवं जिले में विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क शिविर आयोजित कर समाजसेवा का कार्य निरंतर जारी रखेगी.

Back to top button