आंबेडकर जयंती हेतु बंदोबस्त नियोजन बैठक
सीपी ओला ने दिए अलग-अलग विभागों को निर्देश

* इर्विन चौक पर बाबासाहब प्रतिमा के आसपास सीसीटीवी!
अमरावती/दि.8– डॉ. बाबासाहब आंबेडकर की आगामी 14 अप्रैल को मनाई जानेवाली जयंती उपलक्ष्य आयुक्तालय में आज सीपी राकेश ओला की अध्यक्षता में सभी संबंधित विभागों की बंदोबस्त व नियोजन बैठक हुई. जिसमें समाज के मान्यवरों ने नाना प्रकार के सुझाव दिए. उसी प्रकार विशेष सावधानी बरताने का भी आवाहन किया गया. एक महत्वपूर्ण सुझाव बाबासाहब आंबेडकर की इर्विन चौक स्थित प्रतिमा की 24 घंटे निगरानी हेतु सीसीटीवी इंस्टॉल करने का भी दिया गया. पुलिस आयुक्त ने सभी सुझावों पर गौर करने के साथ उत्सव शांति से मनाए जाने के लिए व्यापक बंदोबस्त तैनात करने एवं कदम उठाने का भरोसा दिलाया. सरकारी बिजली कंपनी महावितरण के अधिकारियों से उस दिन बत्ती गुल नहीं होने की सावधानी बरतने कहा गया था.
* सभी बडे अफसरान मौजूद
बैठक में तीनों डीसीपी गणेश शिंदे, श्याम घुगे, रमेश धुमाल, मनपा उपायुक्त सोनाली नाईक, लोनिवि अभियंता, महावितरण अभियंता, जीवन प्राधिकरण के अधिकारी व अभियंता सहित संबंधित अफसरान मौजूद थे. शहर के गणमान्य भी मीटिंग में उपस्थित थे. इतना ही नहीं इन लोगों ने आंबेडकर जयंती उत्साह से मनाने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए. बंदोबस्त को लेकर सुझाव देने के साथ ही अभिवादन के बडे फ्लैक्स, पोस्टर की सुरक्षा सुनिश्चित करने कहा गया. अलग-अलग एरिया से निकलने वाली रैली के संबंध में भी सुझाव दिए गए. जुलूस में अवांछित लोग न घुसने पाए और कोई उत्पात न करने पाए, इस बात की निगरानी का मुद्दा उपस्थित किया गया. बडे बैनर लगाए जाने पर उनसे किसी को जानमाल का नुकसान न होने पाए, इस बात की खबरदारी बरतने कहा गया.
उल्लेखनीय है कि, बाबासाहब के अनुयायी हजारों-लाखों की संख्या में इर्विन चौक बाबासाहब की प्रतिमा के सामने अभिवादन करने, पुष्प मालाएं अर्पित करने उमडते हैं. वहां पुस्तकों और अन्य स्टॉल लगाए जाते हैैं. मेले जैसा वातावरण बनता है. समाज के विभिन्न वर्ग के मान्यवर आते हैं. इसलिए सभी प्रकार की तैयारी का नियोजन आज की सभा में सीपी ओला की अध्यक्षता में किया गया. बाबासाहब जयंती पर जुलूस, रैली के आयोजन करनेवाले अनेक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे.





