अरविंद सहकारी बैंक का 12वां स्थापना दिवस समारोहपूर्वक मनाया

पद्मश्री जनार्दनपंत बोथे व उपमहापौर सचिन भेंडे का सम्मान, बैंक की प्रगति का किया उल्लेख

अमरावती /दि.17 – अरविंद सहकारी बैंक की अमरावती शाखा का 12 वां स्थापना दिवस राजापेठ स्थित बैंक सभागार में उत्साहपूर्वक मनाया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता पालक संचालक प्रकाश मक्रमपुरे ने की, जबकि अखिल भारतीय श्री गुरुदेव सेवा मंडल (मोझरी) के महासचिव पद्मश्री जनार्दनपंत बोथे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस अवसर पर पद्मश्री सम्मान प्राप्त होने पर बैंक की ओर से जनार्दनपंत बोथे का सत्कार किया गया.
इस कार्यक्रम में अमरावती महानगरपालिका के नवनिर्वाचित उपमहापौर सचिन भेंडे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे, जिनका भी सम्मान किया गया. बोथे ने अपने संबोधन में बैंक से समाज के अंतिम घटक तक पहुंचकर उत्कृष्ट सेवा पहुंचाने का आवाहन किया. वहीं उपमहापौर भेंडे ने बैंक द्वारा प्राप्त सहयोग के अनुभव साझा करते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. इस समय अमरावती मर्चेंट को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष अनिल जवंजाल ने भी अपने समयोचित विचार व्यक्त किये.
बता दें कि, अरविंद सहकारी बैंक की स्थापना 1 जनवरी 2006 को हुई थी और वर्तमान में नागपुर व अमरावती जिलों में इसकी 12 शाखाएं कार्यरत हैं. बैंक की वार्षिक लेन-देन लगभग 2000 करोड़ रुपये है तथा 1300 करोड़ रुपये की सावधि जमा, 817 करोड़ रुपये का कर्ज वितरण और 18,500 से अधिक सभासद हैं. बैंक की 350 करोड़ रुपये की निवेश व 50 करोड़ रुपये से अधिक आरक्षित निधि है. 58 करोड़ रुपये से अधिक पूंजी निवेश के साथ बैंक ने एनपीए 1.07 प्रतिशत तक सीमित रखा है और लगातार ‘अ’ ऑडिट श्रेणी प्राप्त करते हुए सभासदों को 10 प्रतिशत लाभांश प्रदान किया है. अमरावती शाखा में 50 करोड़ रुपये की जमा, 88 करोड़ रुपये का कर्ज वितरण तथा 4.28 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया गया है, जबकि शाखा का एनपीए मात्र 0.04 प्रतिशत है.
कार्यक्रम का प्रास्ताविक संचालक डॉ. मिलिंद पाटील ने किया. संचालन अश्विनी देशमुख तथा आभार प्रदर्शन अक्षय जुनघरे ने किया. कार्यक्रम में डॉ. नामदेवराव बेलसरे, शशांक खंडेलवाल, बाबा राठोड, सतीश भारसाकडे, सुनील जुनघरे, प्रभाकरराव वाघमारे, सुरेंद्र चोरडिया, अनिल बकाले, डॉ. रोहित चोरडिया, अभिजीत बोबडे, कैलास विंचुरकर, अधिवक्ता निलेश काकड, एड. मंगला गावंडे, एड. प्रशांत देशमुख, इंजी. राम विघे, प्रशांत लबडी, आनंद गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.

Back to top button