गर्मी की तीव्रता बढते ही राज्य में बिजली की मांग बढी

मुंबई /दि.12 – राज्य में इस समय धूप एवं गर्मी की तीव्रता लगातार बढती जा रही है. इसकी वजह से बिजली की मांग में भी बडी तेजी के साथ इजाफा हो रहा है. इस समय महावितरण द्वारा उपलब्ध कराई जानेवाली बिजली की मांग 26 से 27 हजार मेगावैट तक जा पहुंची है. वहीं मुंबई सहित पूरे राज्य में बिजली की कुल मांग 30 से 31 हजार मेगावैट के आसपास है. जिसके चलते अगले डेढ-दो माह के दौरान मांग में होनेवाली वृद्धि के अनुपात में बिजली के आपूर्ति करने के चुनौती का महावितरण को सामना करना पडेगा.
इस समय समूचे राज्य में अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सीअस के आसपास जा पहुंचा है. इसके चलते एसी, कुलर, पंखे व फ्रीज जैसे विद्युत उपकरणों का प्रयोग भी बढ गया है. गत वर्ष अतिवृष्टि होने के चलते इस समय कई क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता भी भरपूर है और खेती-किसानी के कामों हेतु बिजली का प्रयोग जमकर हो रहा है. जिसकी वजह से बिजली की मांग में लगातार इजाफा हो रहा है, जिसकी पूर्तता करना महावितरण के लिए काफी चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है. हालांकि पॉवर एक्सचेंज के जरिए अन्य राज्यों के पास उपलब्ध रहनेवाली अतिरिक्त बिजली भी खरीदी जा रही है.
राज्य में सोमवार 9 मार्च को बिजली की कुल मांग 30 हजार 664 मेगावैट थी. जिसमें से महावितरण की बिजली की मांग 26 हजार 281 तथा मुंबई महानगर की मांग 3 हजार 732 मेगावैट रहने की जानकारी है.
* जनवरी में अब तक की सर्वाधिक मांग
महावितरण की बिजली की मांग 2 मार्च को 25 हजार 771 मेगावैट व 7 मार्च को 25 हजार 458 मेगावैट रही. जिसमें लगातार इजाफा हो रहा है और अब यह मांग 26 हजार मेगावैट के उपर जा पहुंची है. वहीं जारी वर्ष में अब तक सर्वाधिक 27 हजार 187 मेगावैट बिजली की मांग 14 जनवरी को थी. राज्य में ग्रीष्म लहर वाली स्थिति रहने के चलते बिजली की मांग में लगातार इजाफा हो रहा है.





