पारा चढते ही नीबू के दाम तपेे, बाजार में मांग बढ़ी, आवक घटी

अमरावती /दि.5 – तापमान बढ़ने के साथ ही बाजार में नींबू की कीमतों में तेजी देखी जा रही है. गर्मी की शुरुआत होते ही शरबत विक्रेताओं, जूस सेंटरों, होटल व्यवसायियों और घरेलू उपभोक्ताओं की मांग बढ़ने से खुदरा बाजार में नींबू का भाव लगभग 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है. साथ ही 10 रुपए में महज दो नीबू मिल रहे है. व्यापारियों के अनुसार इस समय मांग के मुकाबले बाजार में नींबू की आवक कम हो रही है, जिसके कारण कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. कुछ दिन पहले तक नींबू 25 से 40 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा था, लेकिन तापमान बढ़ते ही इसकी कीमतों में तेजी आ गई है.
बता दें कि, इस समय गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है और तापमान लगभग 35-36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. गर्मी बढ़ते ही नींबू पानी, शरबत और उस रस के साथ-साथ दैनिक भोजन में भी नींबू की खपत बढ़ जाती है, जिससे बाजार में मांग तेज हो जाती है. नींबू के थोक व्यापारियों के अनुसार वर्तमान में आवक कम होने से कीमतें बढ़ रही हैं. यदि आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हुई तथा आपूर्ति कम रही तो नींबू का भाव 150 से 200 रुपये प्रति किलो तक भी पहुंच सकता है.
* होटल और रसवंती केंद्रों से बढ़ी मांग
गर्मी की शुरुआत के साथ शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जूस सेंटर, रसवंती गृह तथा होटल व्यवसायियों की ओर से नींबू की मांग बढ़ गई है. इसके अलावा घरों में भी शरबत और अन्य पेय पदार्थों के लिए नींबू की खपत अधिक हो रही है.
* किसानों के लिए फायदेमंद फसल
ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों का कहना है कि उत्पादन कम होने के बावजूद अच्छे दाम मिलने से नींबू की खेती लाभदायक साबित हो रही है. अन्य फसलों की तुलना में नींबू की खेती किसानों के लिए एटीएम की तरह है, क्योंकि इससे नियमित रूप से नकद आय मिलती रहती है.





