गुरुकुंज के पवित्र कुंड में दिवंगत अजितदादा पवार की अस्थियों का विसर्जन
सूर्योदय की प्रथम किरणों में राष्ट्रसंत की कर्मभूमि पर अजितदादा पवार हुए पंचतत्व में विलीन

* महासमाधि दर्शन, सामूहिक प्रार्थना, ध्यान साधना व मौन श्रद्धांजलि
* विधायक संजय खोडके, विधायक सुलभा खोडके सहित राष्ट्रवादी कांग्रेस परिवार व गुरुदेव सेवा मंडल की उपस्थिति
अमरावती/दि.3- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजितदादा पवार की अस्थियों का मंगलवार 03 फरवरी को प्रातः 6.45 बजे अखिल भारतीय गुरुदेव सेवा मंडल की परंपरा के अनुसार गुरुकुंज मोझरी स्थित पवित्र कुंड में विधिवत विसर्जन किया गया. इस अवसर पर महासमाधि दर्शन, सामूहिक प्रार्थना, ध्यान साधना एवं मौन श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इसके पश्चात राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज की कर्मभूमि में महाराष्ट्र के जननेता अजितदादा पवार सदा के लिए विश्रामरत हुए.
दिवंगत अजितदादा पवार की अस्थिकलश को अमरावती जिले के नागरिकों, सर्वदलीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को दर्शन का अवसर उपलब्ध कराने हेतु विधायक सुलभा खोडके के जनसंपर्क कार्यालय, रेलवे स्टेशन चौक, अमरावती में रखा गया था. सोमवार 2 फरवरी को दोपहर 3 बजे से देर रात तक जिलेभर के सर्वदलीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, विविध क्षेत्रों के मान्यवरों एवं असंख्य समर्थकों ने अस्थिकलश के दर्शन कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की.
गौरतलब है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजितदादा पवार का बुधवार 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में दुःखद निधन हो गया था. उनके आकस्मिक निधन से संपूर्ण महाराष्ट्र शोक में डूब गया है तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंची है. बारामती में अंत्यसंस्कार के पश्चात मुंबई स्थित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय में अस्थिकलश का पूजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा बाद में अस्थिकलश को राज्यभर में दर्शन हेतु ले जाया गया. मंगलवार 3 फरवरी को प्रातः 5.45 बजे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के महासचिव (संगठन) विधायक संजय खोडके, विधायक सुलभा खोडके सहित पार्टी पदाधिकारी अस्थिकलश लेकर गुरुकुंज मोझरी पहुंचे. सर्वप्रथम महासमाधि के दर्शन किए गए. तत्पश्चात सामूहिक प्रार्थना के माध्यम से ग्रामगीता अध्याय वाचन, ध्यान साधना एवं मौन श्रद्धांजलि अर्पित कर गुरुकुंज के पवित्र कुंड में अस्थियों का विसर्जन संपन्न हुआ. सूर्योदय की प्रथम किरणों के साक्षी में राष्ट्रसंत की कर्मभूमि पर महाराष्ट्र के दिवंगत लोकनेता अजितदादा पवार पंचतत्व में विलीन हो गए. इस अवसर पर विधायक संजय खोडके, विधायक सुलभा खोडके, पद्मश्री सम्मानित ग्रामगीताचार्य जनार्धनपंत बोथे, यश खोडके, सुरेखा ठाकरे, संतोष महात्मे, प्रशांत डवरे, अविनाश मार्डीकर, एड. किशोर शेलके, जितेंद्रसिंह ठाकुर सहित गुरुदेव सेवा मंडल के पदाधिकारी गोपाल कडू, डॉ. राजाराम बोथे, तथा अरविंद बैंक के संचालक प्रकाश मक्रमपूरे, अविनाश ठाकरे, ऋचाताई अविनाश ठाकरे उपस्थित थे. साथ ही राष्ट्रवादी कांग्रेस परिवार से नगरसेवक चंदू खेडकर, मंगेश मनोहरे, छबूताई मातकर, अंजली केवले, भोजराज काले, अशोकराव हजारे, एड. सुनील बोले, प्रा. डॉ. अजय बोंडे, राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष ऋतुराज राऊत सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता व समर्थक बड़ी संख्या में शोकाकुल वातावरण में उपस्थित रहे.





