आश्वासन समिति ने बनाया रिकॉर्ड, 591 आश्वासनों की पूर्ति

विधायक रवि राणा की विधानसभा अध्यक्ष नार्वेकर ने की सराहना

मुंबई/अमरावती/दि.17 – महाराष्ट्र विधानसभा की आश्वासन समिति ने अपने कार्यकाल में रिकॉर्ड बनाते हुए अब तक सबसे अधिक आश्वासनों का निपटारा किया है. समिति के प्रमुख विधायक रवि राणा के नेतृत्व में 591 आश्वासनों की पूर्ति कर उन्हें अंतिम रूप दिया गया है. इस उपलब्धि के लिए विधानसभा अध्यक्ष एड. राहुल नार्वेकर द्वारा समिति प्रमुख रवि राणा का विशेष अभिनंदन किया गया.
आश्वासन समिति प्रमुख विधायक रवि राणा के अनुसार, वर्ष 2016 से लेकर 2025 तक विभिन्न अधिवेशनों में कुल 11,000 से अधिक आश्वासन दिए गए थे, जिनमें से बड़ी संख्या में आश्वासनों पर कार्रवाई लंबित थी. समिति ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए 591 आश्वासनों को पूर्ण कर संबंधित विभागों से कार्रवाई रिपोर्ट प्राप्त की और उन्हें अंतिम रूप दिया. साथ ही समिति की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक हजारों आश्वासनों पर विचार किया गया है और बड़ी संख्या में प्रकरणों का निपटारा किया गया है. हालांकि अभी भी कुछ आश्वासन लंबित हैं, जिन पर तेजी से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
विधायक रवि राणा ने बताया कि समिति के कामकाज को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए इसे पेपरलेस प्रणाली में परिवर्तित किया गया है. अब समिति का पूरा कार्य डिजिटल माध्यम से संचालित किया जा रहा है और रिपोर्ट भी सॉफ्ट कॉपी के रूप में विधानसभा पटल पर प्रस्तुत की जाएगी. इसके साथ ही समिति ने सिफारिश की है कि मंत्रियों द्वारा दिए गए आश्वासनों की पूर्ति 90 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से की जाए. संबंधित विभागों के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया गया है.
विधानसभा अध्यक्ष एड. राहुल नार्वेकर ने समिति के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि आश्वासन समिति ने जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने समिति प्रमुख विधायक रवि राणा के नेतृत्व और कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए इसे एक अनुकरणीय पहल बताया.

Back to top button