शहापुर बांध पर नाबालिग के साथ अत्याचार

वरुड /दि.8– तहसील में स्थित शहापुर बांध परिसर इस समय पर्यटन के लिए नहीं, बल्कि अपराधियों के लिए सेफ जोन बनता नजर आ रहा है. इस बांध परिसर में रहनेवाले सन्नाटे का फायदा उठाते हुए एक नराधम ने 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची को पकडकर उस पर अत्याचार किया. यह घटना 6 अप्रैल को शाम 7 बजे के बाद घटित हुई. इस मामले में पुलिस ने 7 अप्रैल को आरोपी कन्हैया उर्फ आबू गजानन कलाने (20, तह. वरुड) के खिलाफ दुराचार व पोक्सो एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया.
बता दें कि, वरुड शहर से तीन किमी की दूरी पर स्थित शहापुर बांध पूरी तरह से निर्जन व सुनसान स्थान है. जहां पर पुलिस की गश्त और सुरक्षा का अभाव रहने के चलते चोरी-छिपे तरीके से कई अनैतिक धंधे फल-फुल रहे है और यहां पर हमेशा ही अपराधी तत्वों की आवाजाही देखी जाती है. इन्हीं स्थितियों के चलते कन्हैया नामक आरोपी की हिम्मत बंधी, जो अपने परिचय में रहनेवाली 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची को दोस्ती का झांसा देकर अपने साथ शहापुर बांध परिसर में लेकर पहुंचा और फिर वहां पर उसे डरा-धमकाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. पीडिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर वरुड पुलिस मामले की जांच कर रही है.