दर्यापुर थाने के सामने आत्मदाह का प्रयास
संजय झिपरकर को पुलिस ने बमुश्किल रोका

* पहले दी थी सहपरिवार आत्मदाह की चेतावनी
* हत्या के आरोपियों पर धाराएं कमजोर की
दर्यापुर/दि.27 – पिता की हत्या करने वाले आरोपियों पर 10 माह बाद भी कडी कार्रवाई नहीं किये जाने और कानून की कमजोर धाराएं लगाने का आरोप कर लालवाडा निवासी संजय झिपरकर ने आज पूवान्ह दर्यापुर थाने के सामने आत्मदाह का प्रयास किया. खल्लार पुलिस के खिलाफ चेतावनी देने वाले संजय झिपरकर को आज दोपहर दर्यापुर थाने के सामने डीजल उंडेलकर आत्मदाह की कोशिश करते समय पुलिस ने बमुश्किल रोका. इस घटना से दर्यापुर में खलबली मची. समाचार लिखे जाने तक नालवाडा निवासी संजय झिपरकर को पुलिस ने डिटेन कर रखा था. उनकी पत्नी भी थाने में डटी थी. दम्पति ने अपने पिता राम भगवान झिपरकर की हत्या के सिलसिले में कडी धाराओं को कमजोर करने का आरोप खल्लार पुलिस पर किया है.
जानकारी के अनुसार संजय झिपरकर ने पहले ही आज आत्मदहन की चेतावनी दे रखी थी. जिससे दर्यापुर पुलिस अलर्ट थी. आज सबेरे 11 बजे झिपरकर के आत्मदाह की कोशिश की. उनका कहना है कि, विगत वर्ष 12 मई 2025 की रात 10 बजे आरोपी संतोष शिवशंकर, आप्पा बोडखे, महेश नारायण, शिवानंद नारायण, सुरेश आप्पा, मुनोत शिवशंकर, सदाशिव शिवशंकर, आयुष, महेश, दिलीप आप्पा, प्रथमेश शिवा आप्पा ने सुनियोजित ढंग से उनके पिता राम भगवान झिपरकर के घर में घुसकर लोहे की रॉड, डंडे, ईटों से पीटकर हत्या कर दी. सारिका संजय झिपरकर ने इस बारे में 12 मई को ही खल्लार थाने में शिकायत दी थी. थानेदार रवींद्र बारड पर आरोपियों के साथ मिलीभगत करने का आरोप कर धाराएं बदल देने का भी आरोप झिपरकर ने किया. उन्होंने पिछले दिनों एसपी को निवेदन देकर आज 27 मार्च को आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी. अपनी बात को डीजल उंडेलकर संजय झिपरकर ने जला लेने का प्रयास किया. तुरंत अलर्ट पुलिस वालों ने संजय को रोका. जिससे भयानक घटना टल गई. किंतु समूचे दर्यापुर में घटना ने तहलका मचा दिया.