बच्चू कडू ने पूर्व मुख्य सरन्यायाधीश भूषण गवई से की मुलाकात
किसान कर्जमाफी और मेळघाट के आदिवासी मुद्दों पर चर्चा

चिखलदरा/दि.21 – राज्य के पूर्व राज्यमंत्री बच्चू कडू ने पूर्व मुख्य सरन्यायाधीश भूषण गवई से मुलाकात कर किसानों की कर्जमाफी, कृषि उपज के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य तथा मेळघाट क्षेत्र के आदिवासी समाज की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की. 1 से 9 मार्च के बीच आयोजित मेलघाट महापदयात्रा की पृष्ठभूमि में इस मुलाकात को राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. मुलाकात के दौरान बच्चू कडू ने राज्य के किसानों की गंभीर आर्थिक स्थिति, बढ़ते कर्ज और प्राकृतिक आपदाओं से उत्पन्न संकट की जानकारी दी.
बच्चू कडू ने कहा कि कई किसान अब भी संपूर्ण कर्जमाफी की प्रतीक्षा कर रहे हैं और सरकार को इस दिशा में ठोस एवं व्यापक निर्णय लेने की आवश्यकता है. साथ ही खेती को स्थिरता प्रदान करने के लिए दीर्घकालीन नीति लागू करने पर भी जोर दिया. इसके अलावा मेलघाट के आदिवासी समाज से जुड़े कुपोषण, स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा, रोजगार और वनाधिकार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई. कडू ने कहा कि बहुल आदिवासी क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए. आदिवासी समाज को न्याय दिलाने के लिए कानूनी और संवैधानिक उपायों के उपयोग पर भी विचार-विमर्श किया गया.1 से 9 मार्च के दौरान आयोजित होने वाली मेलघाट महापदयात्रा के माध्यम से किसान और आदिवासी मुद्दों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा संबंधित मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने का प्रयास किया जाएगा. इस पदयात्रा को व्यापक जनसमर्थन मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है. इस मुलाकात के बाद मेलघाट के मुद्दे एक बार फिर राज्य स्तर पर चर्चा में आने की संभावना है और आने वाले समय में इन समस्याओं के समाधान के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.





