बडनेरा के पार्षदों ने प्रशासनिक कामकाज का किया औचक निरीक्षण
लंबित कामों पर जताई नाराजगी, नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

अमरावती/दि.25 – अमरावती मनपा के अंतर्गत जोन क्रमांक 4 (बडनेरा) कार्यालय में आज नवनिर्वाचित पार्षदों ने औचक दौरा कर प्रशासनिक कामकाज का बारीकी से निरीक्षण किया. इस दौरान पार्षद अजय जयस्वाल, रजनी डोंगरे, किशोर जाधव और गौरी मेघवानी ने विभिन्न विभागों का दौरा कर अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों का एहसास कराया.
निरीक्षण के दौरान लंबित कार्यों को लेकर पार्षदों ने नाराजगी जताई और स्पष्ट किया कि नागरिकों की शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि हर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई कर नागरिकों को राहत देना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. इस दौरान पार्षदों ने शिकायत दर्ज होने से लेकर उसके अंतिम निपटारे तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कामकाज में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही का अभाव पाया गया, तो संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. पार्षदों ने स्वच्छता, जलापूर्ति, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और कचरा प्रबंधन जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की और इनसे जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से चलने वाली व्यवस्था में जनता को ही परेशानी होना गंभीर बात है, इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा. अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सीधे संवाद करते हुए पार्षदों ने काम में आने वाली बाधाओं की जानकारी ली और तत्काल समाधान के निर्देश दिए. साथ ही, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से ही शहर के विकास को गति मिलने की बात कही. इस औचक निरीक्षण के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली में तेजी आने और नागरिकों की समस्याओं का जल्द समाधान होने की उम्मीद जताई जा रही है.





