युवाओं में गंजेपन की समस्या बढी, हेअर ट्रांसप्लांट कराने की ओर बढा रुझान

कम उम्र में बाल झड जाने की समस्या से जूझ रहे युवा, रिश्ते तय होने में ‘गंजा सिर’ बन रहा बाधा

* गंजे युवकों का यार-दोस्तों में भी बन रहा मजाक, गंजा सिर छुपाने रेडिमेड केशरोपण का सहारा
अमरावती /दि.18 – कम उम्र में गंजापन बढ़ने के मामलों में लगातार इज़ाफा हो रहा है. जो समस्या पहले मध्यम आयु में दिखाई देती थी, अब 25-30 वर्ष के युवाओं में भी आम होती जा रही है. बदलती जीवनशैली, बढ़ता तनाव, अनियमित दिनचर्या और अनुवांशिक कारणों को इसके प्रमुख कारणों में गिना जा रहा है. विशेषज्ञों के अनुसार, सिर के बाल झड़ने से युवाओं के आत्मविश्वास पर सीधा असर पड़ता है. कई युवाओं का कहना है कि मित्र मंडली में उन्हें ‘टकलू’, ‘काका’ जैसे तंज सुनने पड़ते हैं. कुछ मामलों में विवाह तय होने में भी अड़चनें आती हैं. नौकरी के इंटरव्यू या सामाजिक कार्यक्रमों में भी हीनभावना महसूस होती है.

* रील्स के असर में उपचार, नतीजा नहीं
सोशल मीडिया पर हेयर ग्रोथ ऑयल, सीरम और घरेलू नुस्खों के वीडियो देखकर कई लोग बिना चिकित्सकीय सलाह के उत्पादों का उपयोग शुरू कर देते हैं. डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे उत्पादों से स्थायी समाधान नहीं मिलता, खासकर जब टकलापन अनुवांशिक हो.

* हेयर ट्रांसप्लांट की बढ़ती मांग
गंजापन दूर करने के लिए युवाओं का रुझान अब हेयर ट्रांसप्लांट की ओर बढ़ रहा है. यह एक चिकित्सकीय प्रक्रिया है, जो हर व्यक्ति के लिए उपयुक्त हो-यह जरूरी नहीं. मरीज की उम्र, बालों की घनत्व, दाता क्षेत्र (डोनर एरिया) की स्थिति और स्वास्थ्य की जांच के बाद ही निर्णय लिया जाता है. विशेषज्ञों के अनुसार, अनुभवी सर्जन द्वारा सही चयन के साथ की गई सर्जरी में 60 से 85 प्रतिशत तक सफलता मिल सकती है. पूर्ण परिणाम दिखने में 6 से 12 माह का समय लगता है.

* कितना आता है खर्च?
हेयर ट्रांसप्लांट का खर्च ग्राफ्ट की संख्या और क्लिनिक की सुविधाओं पर निर्भर करता है. सामान्यतः 2 से 3 हजार ग्राफ्ट की प्रक्रिया पर 50 हजार से डेढ़ लाख रुपये तक खर्च आ सकता है. महानगरों के उन्नत क्लीनिकों में यह लागत और अधिक हो सकती है.

* फायदे और सावधानियां
हेयर ट्रांसप्लांट को स्थायी समाधान माना जाता है. इससे प्राकृतिक बालों जैसी वृद्धि और रूप में सुधार होता है, जिससे आत्मविश्वास बढ़ता है. हालांकि यह एक शल्य प्रक्रिया है, इसलिए सूजन, दर्द या संक्रमण का जोखिम भी रहता है. हर व्यक्ति में समान परिणाम मिलें, यह जरूरी नहीं. विशेषज्ञों की सलाह है कि किसी भी उपचार से पहले योग्य त्वचा रोग विशेषज्ञ या हेयर ट्रांसप्लांट सर्जन से परामर्श अवश्य लें और सोशल मीडिया के प्रचार से प्रभावित होकर निर्णय न करें.

 

Back to top button