भाजपा के मंत्री बनना और दुबारा आना

भोंदू बाबा खरात ने दिया था बच्चू कडू को आशीर्वाद

* अब पूर्व मंत्री बच्चू कडू भी घिरे मुसीबत में
* खरात मामले में उछला बच्चू कडू का नाम
* बच्चू का खरात से मुलाकात का वीडियो आया सामने
मुंबई/नाशिक/दि.24 – स्वयंभू ज्योतिषी अशोक खरात से जुड़े कथित शोषण मामले ने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचा दी है. इस मामले में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं और अब राजनीतिक कनेक्शन भी उजागर होने लगे हैं. इसी बीच प्रहार जनशक्ति पार्टी के मुखिया एवं पूर्व मंत्री बच्चू कडू का अशोक खरात से मुलाकात वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में खरात कडू से अंग्रेजी और हिंदी में बातचीत करते हुए कहते नजर आ रहा है कि, जब आप बीजेपी में मंत्री बनें, तब यहां आइए. वीडियो के अंत में बच्चू कडू उनके पैर छूते दिखाई दे रहे हैं, जिससे विवाद और गहरा गया है.
बता दें कि, अशोक खरात के खिलाफ अब तक 6 आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं. हाल ही में दर्ज शिकायतों में एक छात्रा भी शामिल है. कई पीड़ित महिलाएं अब सामने आकर शिकायत दर्ज करा रही हैं. इस पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया गया है, जो खरात के संपर्क में आए सभी लोगों की जांच कर रहा है. पुलिस ने पीड़ित महिलाओं से आगे आकर शिकायत करने की अपील की है और उनकी पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है.
अशोक खरात के विभिन्न राजनीतिक नेताओं से संबंधों की चर्चा के चलते यह मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है. विपक्ष सरकार पर दबाव बना रहा है और कई नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं. वहीं इस बीच अब पूर्व मंत्री बच्चू कडू का अशोक खरात के साथ मुलाकात करते हुए एवं उसके पैर छूते हुए वीडियो सामने आया है. जिसके चलते अब बच्चू कडू भी विपक्षी दलों के निशाने पर आ गए है.
ज्ञात रहे कि, अशोक खरात का मामला अब केवल आपराधिक जांच तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन चुका है. आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

Back to top button