बाइक पेड से टकराई, जख्मी युवक की मौत
वरुड थाना क्षेत्र की घटना

वरुड/दि.9- वरुड के राजुरा मार्ग पर शुक्रवार 3 अप्रैल की रात 9 बजे के दौरान तेज हवाओं के चलते सडक पर गिरे पेड पर वरुड से राजूरा बाजार की तरफ जाने वाली दुपहिया टकरा गई. इस दुर्घटना में दुपहिया पर सवार तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गये. इसमें से एक युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई.
जानकारी के मुताबिक वरुड थाना क्षेत्र के वरुड-तलेगांव श्यामजीपंत राष्ट्रीय महामार्ग पर अमडापुर पेट्रोल पंप के पास रात के समय तेज हवाओं के कारण एक विशाल पेड सडक पर गिर गया था. यह पेड रात के अंधेरे में दुपहिया चालक को नजर नहीं आया. इस कारण राजूरा बाजार की तरफ जा रही दुपहिया पेड से टकरा गई. इस दुर्घटना में दुपहिया पर सवार तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गये. घटना की जानकारी मिलते ही राजूरा बाजार के शिवशक्ति आधार फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने तीनों के नागपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया. लेकिन इनमें से एक युवक की बुधवार 8 अप्रैल को उपचार के दौरान मृत्यु हो गई. मृतक युवक का नाम अथर्व संजय गोहत्रे (17) है. अथर्व परिवार का एकलौता बेटा था. उसकी मृत्यु से गांव में शोक व्याप्त है. दोपहर 2 बजे के दौरान शोकाकुल वातावरण में उसका अंतिम संस्कार किया गया. अन्य दोनों घायलों पर नागपुर में उपचार जारी है.





