बिश्नोई गैंग की विधायक भारसाकले को धमकी

बढाई गई अकोला भाजपा अध्यक्ष की सुरक्षा

* दो करोड की फिरौती मांगने का आरोप
* शुभम लोणकर ने धमकी देने की खबर
अकोला/दि.19 – देश भर में चर्चित लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने अकोला शहर जिला भाजपा अध्यक्ष को दो करोड की फिरौती दिलाने अन्यथा पार्टी के अकोट के विधायक प्रकाश भारसाकले पाटिल को गोली से उडा देने की धमकी दी है. जिसके बाद अकोला शहर अध्यक्ष की सुरक्षा व्यवस्था बढाई गई है. बंदूकधारी पुलिस कर्मी उनकी सुरक्षा में तैनात किये जाने का समाचार है.
खबर के अनुसार मूल रुप से अकोला जिले के रहने वाले और बिश्नोई गैंग से वास्ता रखने वाले शुभम लोणकर ने बहूत ही गोपनीय ढंग से अकोला शहर भाजपा अध्यक्ष को धमकाया है. उन्हें संपर्क कर अकोट के विधायक प्रकाश भारसाकले से दो करोड की फिरौती दिलाने कहा गया. अन्यथा घातक परिणाम होने की चेतावनी दिये जाने की चर्चा और खबर यहां चल रही है. पुलिस अधिकारियों को इस बारे में सूचित किया गया. जिसके बाद बीजेपी अध्यक्ष का सुरक्षा घेरा बढाया गया है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि, एक एप के माध्यम से दो करोड की धमकी का कॉल आया था. जिसके बाद प्रकाश भारसाकले को भी अलर्ट किया गया है.
पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि, संबंधित अपराधी को जल्द दबोच लिया जाएगा. बता दें कि, जिस शुभम लोणकर का नाम इस धमकी मामले में सामने आया है. वह पहले भी बिश्नोई गैंग की करतूतों में शामिल रहा था और पकडा गया था. इस माह के आरंभ में फिल्मकार रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग में भी लोणकर का हाथ रहने का समाचार सामने आया था. पुलिस अकोला जिले के ग्राम में स्थित लोणकर के मकान पर पहुंची थी. वह नदारद पाया गया.
विधायक को धमकी दिये जाने के समाचार ने अकोला ही नहीं अमरावती संभाग में खलबली मचा दी है. प्रकाश भारसाकले मूल रुप से दर्यापुर निवासी है. पांच बार के विधायक भारसाकले दर्यापुर का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. उनकी सहकार क्षेत्र और अन्य क्षेत्र में भी पैठ है. उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी के समाचार ने सभी को हिलाकर रख दिया है.
* अकोट शहर में भी बडा बंदोबस्त
खबर है कि, शुभम लोणकर की धमकी के बाद अकोट शहर में भी पुलिस बंदोबस्त कडा किया गया है. विभिन्न चौराहों पर बंदूकधारी पुलिस कर्मी तैनात किये जाने की जानकारी मीडिया रिपोट्स में दी गई है.

Back to top button