बीजेपी की संगीता खांडेकर बनीं चंद्रपुर की मेयर
शिवसेना उबाठा का मिला साथ, महापालिका में हाइड्रामा

* कांग्रेस की वैशाली महाडोले को एकमात्र वोट से हराया
* पूरे राज्य में चुनाव की चर्चा, उबाठा सेना बोली सभी होंगे निष्कासित
* कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष भी तमतमाए, कहा होंगे दूरगामी परिणाम
चंद्रपुर/नागपुर/दि.10 – ताप बिजली घर के कारण समस्त राज्य में फेमस चंद्रपुर नगरी का राजनीतिक तापमान आज दोपहर 12 बजे बढ गया, जब महापालिका में महापौर तथा उपमहापौर चुनाव में बीजेपी ने शिवसेना उबाठा के साथ अप्रत्याशित गठजोड कर धमाका कर दिया. चंद्रपुर में चमत्कार करते हुए बीजेपी ने एकमात्र वोट से अपनी उम्मीदवार संगीता खांडेकर को मेयर चुनाव में जीत दिला दी. खांडेकर ने कांग्रेस की वैशाली महाडोले को हराया. विजयी खांडेकर को 32 और महाडोले को 31 वोट जिलाधीश विनय गौडा की अध्यक्षता में हुई मनपा आमसभा में प्राप्त हुए. शिवसेना उबाठा को बीजेपी ने करार के अनुसार उपमहापौर पद दिया. बीजेपी के नेता किशोर जोर्गेवार शिवसेना प्रमुख गिर्हे से करार किया है. जिसके अनुसार शिवसेना को अगले वर्ष स्थायी समिति सभापति और चुनावी वर्ष में मेयर पद दिया जाएगा. गिर्हे ने मीडिया से बातचीत में उक्त समझौते की पुष्टि करते हुए बताया कि, कांग्रेस सवा वर्ष के लिए भी महापौर पद देने राजी नहीं हुई थी.
* जोर्गेवार ने मनाया गिर्हे को
इस चुनाव के साथ चंद्रपुर की राजनीति पर बीजेपी के दिग्गज सुधीर मुनगंटीवार का दबदबा सिद्ध हुआ. पार्टी विधायक किशोर जोर्गेवार ने अंतिम समय तक बातचीत, समझौते का दामन नहीं छोडा. अंतत: बीजेपी 66 सदस्यीय सदन में अपना मेयर विजयी कर सकी. समाचार है कि, छोटे दलों ने महापौर चुनाव से अपने-आप को तटस्थ रखा. जिससे बीजेपी को एकमात्र वोट से विजय प्राप्त हो गई.
* राज्य की राजनीति में भूचाल
महापालिका के चार वर्षों बाद हुए चुनाव में कांग्रेस 27 स्थानों के साथ सबसे बडी पार्टी बनी. बीजेपी 24 सीटें जीतने में सफल रही थी. 6 स्थान जीतनेवाली शिवसेना उबाठा के पास सत्ता की चाबी रहने की चर्चा पिछले अनेक दिनों से हो रही थी. शेकाप के 3, वंचित बहुजन आघाडी 2, शिवसेना शिंदे गट 1, बसपा 1 और 2 निर्दलीय नगरसेवक चुने गए थे. आखिर बीजेपी ने महापौर पद, चार वर्ष उपमहापौर पद और एक वर्ष स्थायी समिति अध्यक्ष बनाए जाने की शर्त मान्य कर शिवसेना उबाठा से अभूतपूर्व गठजोड कर राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया.
* गुस्से में लाल हुए सपकाल
चंद्रपुर मनपा में शिवसेना उबाठा द्वारा बीजेपी से हाथ मिलाकर दिए गए करारे धक्के से कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल काफी नाराज हो गए हैं. उन्होंने चंद्रपुर के घटनाक्रम का राज्य की राजनीति पर असर होने का दावा किया है. दूरगामी परिणाम की भाषा सपकाल द्वारा किए जाने का समाचार है. उधर उद्धव सेना ने भी चंद्रपुर के अपने सभी 6 नगरसवकों को पार्टी से निकाल बाहर करने की भाषा की है. प्रवक्ता संजय राऊत ने सबेरे ही चेतावनी दी थी. उन्होंने दावा किया था कि, पार्टी के नगरसेवक कांग्रेस का समर्थन करेंगे. किंतु जिला प्रमुख गिर्हे ने किशोर जोर्गेवार से अलग अनुबंध कर लिया.
* आघाडी के लिए तगडा झटका
चंद्रपुर का घटनाक्रम राज्य में महाविकास आघाडी के लिए तगडा धक्का बताया जा रहा है. पहले ही शिवसेना उबाठा ने मुंबई में कांग्रेस को छोडकर मनसे के साथ गठजोड किया था. उसी प्रकार अजीत पवार के देहावसान पश्चात अब दोनों राष्ट्रवादी के एक होने की जोरदार चर्चा चल रही है. बडे नेताओं का दिल्ली आना-जाना लगातार जारी है. * कांग्रेस की अंतर्गत फूट पडी भारी
कहा जा रहा है कि, कांग्रेस की विजय वडेट्टीवार तथा सांसद प्रतिभा धानोरकर के खेमेबाजी का बीजेपी को फायदा हो गया. कांग्रेस 27 स्थानों के साथ आराम से मेयर स्थापित कर सकती थी. किंतु आपसी खींचतान से बीजेपी नेता सुधीर मुनगंट्टीवार और किशोर जोर्गेवार को काफी समय मिल गया. उन्होंने चंद्रपुर में उलटफेर कर दिया.





