विवाह समारोह में खूनी संघर्ष, तीन की मौत
तीन गंभीर घायल, धुले जिले का पिंपलनेर गांव दहला

धुले/दि.19 – जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. धुले जिले के पिंपलनेर गांव में विवाह समारोह के दौरान दो गुटों में हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. धारदार हथियारों से किए गए हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो से तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. घटना आज दोपहर के समय हुई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शादी समारोह के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. आरोप है कि हमलावरों ने अचानक धारदार हथियार निकालकर हमला कर दिया, जिससे समारोह में भगदड़ मच गई. हमले में सोनू गोसावी और देवेंद्र पवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल साई गोसावी ने धुले के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने सोनगड क्षेत्र के दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है तथा पूरे मामले में पिंपलनेर थाने में अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार झगड़े का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह की जांच की जा रही है. गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बंदोबस्त बढ़ा दिया गया है.





