वाठोडा के गोदाम परिसर में मिली मजदूर की लाश
मंगरुल दस्तगीर पुलिस थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती/दि.9 – जिले के मंगरुल दस्तगीर पुलिस थाना क्षेत्र के वाठोडा परिसर स्थित एक गोदाम में काम करने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने की सनसनीखेज घटना रविवार, 8 फरवरी को सामने आयी है. इस संदिग्ध मौत की घटना से परिसर में हडकंप मचा था. मृतक का नाम किसन पंधरे (वाघोली) है.
जानकारी के अनुसार किसन वाघोली में दो बच्चे, पत्नी के साथ रहता था और पास ही के गोदाम में काम करता था. रविवार को रोज की तरह वह काम पर गया था, लेकिन काफी देर तक कोई हलचल न होने पर अन्य कर्मचारियों ने जाकर देखा, तो वह बेहोश हालत में पडा मिलने से तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई. मंगरुल दस्तगीर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरु कर दी है. मृतक के परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है.





