‘मोहब्बत की दुकान’ फेम रील स्टार काजल रोकडे का शव मिला
वर्धा जिले के रिधोरा पर्यटन स्थल की घटना

* लाखों चहेतों के साथ नगराध्यक्ष भी हुए भावुक
वर्धा/ दि.12 – वर्धा शहर के ज्ञानेश्वर मंदिर परिसर में रहनेवाली ‘मोहब्बत की दुकान’ फेम रील स्टार काजल रोकडे का रिधोरा पर्यटन स्थल परिसर में शव मिलने से खलबली मच गई है. काजल रोकडे का शव संदेहास्पद अवस्था में मिलने से तरह- तरह की चर्चा व्याप्त है. यह घटना प्रकाश में आने के बाद लाखों चहेतों सहित नगराध्यक्ष भी भावुक हो गये.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार चुनाव के दौरान युवाओं से रील बनाकर रोजगार का माध्यम बनाने का आवाहन किया था. उनके इस आवाहन पर सोशल मीडिया पर अनेक लोग रील्स बनाकर लोकप्रिय हो रहे हैं. ग्रामस्तर पर भी युवा रील्स बनाने के प्रति आकर्षित हो रहे हैं. वर्धा जिले के एक गरीब परिवार की होनहार बेटी काजल गजानन रोकडे जो अपने परिवार का सहारा मानी जाती थी. दो दिनों से वह घर नहीं लौटी थी. इस कारण परिवार के सदस्य चिंतित होकर उसकी तलाश में जुटे हुए थे. आखिरकार वर्धा तहसील के रिझोरा पर्यटन स्थल परिसर में उसका शव बरामद हुुआ. यह पर्यटन स्थल तालाब के कारण विख्यात है. जहां बडी संख्या में लोग घूमने आते हैं. काजल रोकडे ज्ञानेश्वर मंदिर परिसर में रहती थी. वह इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर और सोशल मीडिया स्टार थी. अपने उत्साही स्वभाव और मुस्कान के लिए पहचानी जानेवाली काजल सोशल मीडिया प्रबंध में भी माहीर थी. हाल ही में हुए नगर परिषद चुनाव में उसने नगराध्यक्ष के रूप में चुने गये सुधीर पांगुल के सोशल मीडिया हेंडल भी संभाले थे. कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच भी वह काफी लोकप्रिय थी और सोशल मीडिया पर उसके बडी संख्या में प्रशंसक थे.
रील स्टार मंच की संपादक रह चुकी काजल रोकडे स्नातक की पढाई कर रही थी. नगर परिषद चुनाव के बाद वह अपने भविष्य को लेकर चिंतित थी. परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य थी. इसी मानसिक स्थिति में वह नगराध्यक्ष सुधीर पांगुल के घर गई और उनसे आगे क्या करना चाहिए, इस बाबत सुझाव लिया. सुधीर पांगुल ने उसे साथ काम करने का भरोसा दिया और आर्थिक सहायता भी की. नगराध्यक्ष पांगुल ने भावुक होकर कहा कि काजल लगातार संपर्क में थी. लेकिन आज ऐसा दुखद दिन आयेगा यह किसी ने कभी सोचा नहीं थी.
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चांदुरकर भी दु:खी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज चांदुरकर ने कहा कि काजल रोकडे का निधन काफी दुखद है. चुनाव प्रचार के दौरान उसने नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान शीर्षक से एक रील बनाई थी. जिसकी प्रशंसा राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस द्बारा की गई थी. उस रील के कारण काजल राज्य और संपूर्ण देशभर में चर्चा में आ गई थी.
आत्महत्या या कुछ अनुचित ?
काजल का शव रिधोरा जलाशय में मिला. उसी स्थान पर उसकी चप्पल, मोबाइल और पर्स भी बरामद होने की जानकारी है. यह आत्महत्या या कोई अनुचित घटना इस बाबत पुलिस आगे जांच कर रही है. पुलिस के हाथ अब तक कोई संदेहास्पद या कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. इस कारण तरह- तरह की चर्चा व्याप्त है.





