बोहरा समाज नेे हर्षोल्लास के साथ मनाया ईद का पर्व

दाऊदी बोहरा जमातखाने में फजर की नमाज के बाद पढा गया ईद का खुतबा

* दुआ के बाद हुई खुशी की मजलिस, सभी ने एक-दूसरे को दी ईद की मुबारकबाद
* समाज के कम्युनिटी किचन में सभी समाजबंधुओं के लिए शीरखुरमा व नाश्ते का हुआ प्रबंध
* विधायक संजय खोडके सहित कई पार्षदों व गणमान्यों ने बोहरा समाजबंधुओं के साथ साझा की ईद की खुशियां
अमरावती/दि.19 – स्थानीय दाऊदी बोहरा समाज द्वारा रमजान के पवित्र महीने के समापन पर ईद-उल-फित्र का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया. पूरे महीने रोज़ा रखने के बाद दाऊदी बोहरा समाज के लोगों ने अल्लाह की इबादत कर ईद की खुशियाँ साझा कीं, जिसके तहत शहर के सराफा बाजार परिसर स्थित दाऊदी बोहरा मस्जिद में आज सुबह रमजान ईद के मौके पर फजर की विशेष नमाज अदा की गई, जिसे आमिल साहब जनाब शेख मुर्तूजाभाई मदारवाला ने पढ़ाया. नमाज के बाद आमिल साहब ने ईद का खुतबा भी पढाया. जिसके उपरांत दुआ पढते हुए खुशी की महफिल हुई, जिसमें समाजबंधुओं ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया. इसके पश्चात दाऊदी बोहरा मस्जिद के कम्युनिटी किचन में सभी के लिए शीरखुरमा व नाश्ते का प्रबंध किया गया था. जिसका सभी समाजबंधुओं ने साथ मिलकर आनंद लिया.
विशेष उल्लेखनीय है कि, रमजान ईद के अवसर पर दाऊदी बोहरा मस्जिद को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था. साथ ही आज ईद की नमाज अदा करने हेतु मस्जिद पहुंचे दाऊदी बोहरा समाज के छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी लोग पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव का रंग दिखाई दिया. इस मौके पर शहर के कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने मस्जिद पहुंचकर बोहरा समाज को ईद की शुभकामनाएं दीं, जिनमें राकांपा (अजीत पवार) के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक संजय खोडके, मनपा के नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले, स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर, स्वीकृत पार्षद अनिल अग्रवाल, पार्षद डॉ. संजय शिरभाते व मनीष बजाज, रायुकां नेता यश खोडके एवं सामाजिक कार्यकर्ता मनोज भेले व सुरेश रतावा जैसे कई गणमान्यों का समावेश रहा. साथ ही साथ कई लोगों ने फोन और संदेश के माध्यम से भी बधाई प्रेषित की.

Back to top button