दिग्रस भूमि अभिलेख कार्यालय में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़
एसीबी यवतमाल की कार्रवाई, दो अधिकारी 5 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

यवतमाल/ 4 – दिग्रस तहसील स्थित भूमि अभिलेख कार्यालय में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), यवतमाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते हुए दो सरकारी अधिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपियों से 5 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है. गिरफ्तार आरोपियों में उप अधीक्षक भूमि अभिलेख सखाराम नरसिंह पवार (49) एवं नजूल संरक्षण भूमि सर्वेक्षक आशीष काशीनाथ शेलोकर (47) शामिल हैं.
एसीबी को शिकायत मिली थी कि शिकायतकर्ता महिला के ससुर द्वारा उपहार में दी गई संपत्ति के रूपांतरण के लिए आरोपियों द्वारा 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है. शिकायत के सत्यापन के बाद 3 फरवरी को जाल बिछाया गया. कार्रवाई के दौरान आरोपी शेलोकर ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये स्वीकार किए, जिनमें से 2,500 रुपये अपने पास रखे और शेष 2,500 रुपये उप अधीक्षक पवार को दिए. एसीबी टीम ने दोनों आरोपियों को भूमि अभिलेख कार्यालय में ही रंगे हाथों पकड़ लिया. इस मामले में दिग्रास पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बापू बांगड़, अपर पुलिस अधीक्षक सचिंद्र शिंदे तथा पुलिस उपाधीक्षक अभय अष्टेकर के मार्गदर्शन में की गई. एसीबी यवतमाल ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो वे दूरभाष 07232-244002, मोबाइल 8975791064 या टोल फ्री 1064 पर संपर्क करें.





