रमजान के मद्देनजर रात में हो पुल का निर्माण कार्य

एमआईएम की मांग

** लोनिवि, सीपी व मनपा आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
अमरावती/दि.17-ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) अमरावती शहर अध्यक्ष हाजी इरफान खान हाजी उस्मान खान ने सार्वजनिक लोकनिर्माण विभाग को ज्ञापन देकर मांग की है कि टांगा पडाव से नागपुरी गेट तक चल रहे उड्डाण पुल (फ्लाईओवर) का निर्माण कार्य रमजान माह के दौरान रात के समय किया जाए.
ज्ञापन में कहा गया है कि पवित्र रमजान महीना शुरू हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक मस्जिदों में नमाज अदा करने और बाजारों में खरीदारी के लिए आते-जाते हैं. ऐसे में दिन के समय पुल निर्माण कार्य और यातायात डायवर्जन के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. खासतौर पर मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है. हाजी इरफान खान ने प्रशासन से अपील की है कि रमजान के पवित्र महीने में नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य दिन के बजाय रात में कराया जाए, ताकि दिन के समय ट्रैफिक और आमजन को राहत मिल सके. उन्होंने पुलिस प्रशासन और महानगरपालिका से भी ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने की मांग की है.
ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस आयुक्त तथा महानगरपालिका आयुक्त को भी भेजी गई है. एमआईएम ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा. शहर में इस मांग को लेकर चर्चा तेज हो गई है और अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या निर्णय लेता है. लोकनिर्माण विभाग, पुलिस आयुक्त, मनपा आयुक्त को ज्ञापन दिया गया. ज्ञापन देते समय शहर अध्यक्ष हाजी इरफान, उपाध्यक्ष मोहम्मद इकबाल, गटनेता एमआईएम अब्दुल हमीद, नगर सेवक राशीद पत्रकार, नगर सेवक हाफिज ताहेर, सेक्रेटरी शहजाद खान, सचिव मौली इकराम उपस्थित थे.

Back to top button