संपत्ति के विवाद में भाई ने की बहन की हत्या

गला रेतकर मौत के घाट उतारा

* हमले में मां भी हुई गंभीर घायल, आरोपी गिरफ्तार
चंद्रपुर /दि.25 – जिले के भद्रावती शहर में संपत्ति विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सगे भाई ने ही अपनी बहन की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. इस हमले में बीच-बचाव करने पहुंची मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. यह वारदात भद्रावती शहर के झाडे प्लॉट क्षेत्र में हुई. पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम सूरज शंकर भोंडे (28) है, जबकि मृतक बहन की पहचान संजीवनी शंकर भोंडे (32) के रूप में हुई है. हमले में घायल मां पुष्पा शंकर भोंडे (58) का अस्पताल में उपचार जारी है.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार परिवार में संपत्ति को लेकर पिछले तीन-चार दिनों से लगातार विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि मां और बेटी अलग रह रही थीं, जबकि आरोपी अपने पिता के साथ दूसरे स्थान पर रहता था. मंगलवार शाम विवाद अचानक बढ़ गया और गुस्से में आरोपी ने बहन पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही महाराष्ट्र पुलिस के भद्रावती पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामले में पूछताछ के लिए पिता को भी हिरासत में लिया गया है.
बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान मां ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

* नालासोपारा में भी बहन की हत्या की घटना
इसी तरह की एक अन्य घटना में नालासोपारा में भी भाई द्वारा बहन की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. यहां पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने कथित रूप से कोयते से हमला कर बहन की हत्या कर दी, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई. दोनों घटनाओं के बाद पारिवारिक विवादों के हिंसक रूप लेने को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है. पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है.

Back to top button