कल भाई का हुआ एक्सीडेंट, अंत्येष्टि में जा रही बहन को भी आज ट्रक ने कुचल दिया
समस्त भातकुली में शोक

* आयटीआय की छात्रा थी खुशी साबले
अमरावती/ दि.10- नियति के खेल निराले होते हैं. इसके कारण कई बार जो सोचा ही नहीं जा सकता, वह घटित हो जाता है. ऐसे ही भाई की सडक दुर्घटना में अत्यंत दुखद मृत्यु बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रही युवती के साथ आज दोपहर भातकुली रोड पर हादसा हो गया और उसकी भी जान चली गई. जिससे समस्त भातकुली और उसके गांव कानकोली में गहरा शोक व्याप्त है. सभी स्तब्ध है. लोगों के जबान से शब्द नहीं फूट रहे.
चचेरे भाई की मौत से दु:खी
हादसे में मृत खुशी बालकृष्ण साबले (22) है. वह आयटीआय की छात्रा थी. खुशी के चचेरे भाई प्रदीप साबले (16) की गत रात भातकुली रोड पर ही सडक पार करते समय ट्रैक्टर की टक्कर से मृत्यु हो गई. जिसके कारण खुशी साबले पहले ही शोकमग्न रही. आज वह प्रदीप के अंतिम संस्कार में जाने के लिए निकली. बीच रास्ते महालक्ष्मी जिनिंग के सामने ट्रक ने उसे दुपहिया एम.एच.27/ बी.एस. – 802 से जाते समय कुचल दिया. गांव में यह समाचार पहुंचते ही कोहराम हो गया. एक ही परिवार पर दु:खों का पहाड टूट गया.
ऐसे हुआ भीषण हादसा
खुशी साबले अपनी टूव्हीलर से भातकुली की तरफ जा रही थी. भातकुली रोड पर महालक्ष्मी जिनिंग में सरकी लेने आया ट्रक मुड रहा था. उसे ओवर टेक करने के प्रयास में खुशी साबले ट्रक के पलटने से पहियों की चपेट में आ गई और उसकी जगह पर ही दर्दनाक मृत्यु हो जाने की जानकारी प्रत्यक्षदर्शियों ने दी.
समूचा गांव शोकमग्न
प्रदीप साबले की दुर्घटना में मृत्यु की खबर से पहले ही कानकोली ग्राम में शोक की लहर रही. दोपहर को खुशी साबले की भी भीषण दुर्घटना में जान चली जाने के समाचार ने साबले परिवार पर वज्रापात किया. इतना ही नहीं तो पूरा गांव शोक विव्हल हो गया. हर कोई दु:ख व्यक्त करने के साथ प्रारब्ध को कोसते नजर आया. साबले परिवार के साथ कुछ ही घंटों में दो हादसों में दो संतानों को छीन लिया. जिसने भी सुना वह सन्न रह गया.





