खापर्डे बगीचा में बीएससी के छात्र ने की आत्महत्या

कोतवाली पुलिस ने किया मर्ग दर्ज

अमरावती /दि.12 – कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खापर्डे बगीचा परिसर में एक 19 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किये जाने की घटना सामने आयी है. आत्महत्या की ठोस वजह का पता नहीं चल पाया है. इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मर्ग के तहत मामला दर्ज किया. मृतक का नाम सूरज दतात्रय डोंगरदीवे (19) बताया गया. वह मूल रुप से मूर्तिजापुर का निवासी था और वर्तमान में खापर्डे बगीचा परिसर में अजिंक्य माहूरे के घर किराए के कमरे में रह रहा था.
जानकारी के अनुसार सुमित हुकुमचंद हिवराले और मृतक सूरज दोनों एक ही कमरे में किराये से रहते थे. सूरज विद्याभारती महाविद्यालय में बीएससी का छात्र था. 8 फरवरी को सुबह 9 बजे वह अपने गांव गया था और बाद में सुमित भी अपने गांव चला गया था. बुधवार को जब सुमित वापिस लौटा, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद सुमित ने खिडकी का कांच हटाकर अंदर झांककर देखा, तो उसे सूरज सिलिंग फैन से फांसी के फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा गया. इसके बाद एम्बुलेंस की मदद से सूरज के शव को जिला सामान्य अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया. फिलहाल सूरज ने आत्महत्या क्यों की इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस ने इस मामले में मर्ग दर्ज कर आगे की जांच शुरु कर दी है.

Back to top button