उद्योग भवन में उद्यमियों की व्यावसायिक बैठक आयोजित
एनसीबीसी सदस्य किरणताई महल्ले की उपस्थिति में विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा

अमरावती/दि.11– एमआईडीसी के उद्योग भवन में एक महत्वपूर्ण व्यावसायिक बैठक का आयोजन किया गया. इस बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती किरणताई महल्ले ने की. कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में नांदगांव पेठ एमआईडीसी के अध्यक्ष आफाक सूबेदार उपस्थित रहे. बैठक में विभिन्न औद्योगिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए बताया गया कि देश में बड़े बदलाव उद्योगों के माध्यम से ही संभव हैं.
इस दौरान आईटी पार्क, सिटी बस सेवा तथा नांदगांव पेठ एमआईडीसी से जुड़े विभिन्न विषयों पर ध्यान आकर्षित किया गया. उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं पर अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिए. बताया गया कि कुछ स्थानों पर प्लॉट वितरण न होने के कारण कई लघु उद्योग शुरू नहीं हो पाए हैं. नांदगांव पेठ से जुड़े मुद्दों पर अध्यक्ष आफाक सूबेदार ने टोल नाका, बढ़ी हुई दरों के कारण परिवहन सेवा पर प्रभाव तथा कमर्शियल पास बंद किए जाने के विषय पर प्रश्न उठाए. उन्होंने प्रशासन से इन समस्याओं के समाधान की मांग की. बैठक में यह भी बताया गया कि एमआईडीसी क्षेत्र में लघु एवं टेक्सटाइल उद्योग तेजी से विकसित हो रहे हैं, लेकिन कुछ स्थानों पर प्रशासन का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है. अमरावती शहर को औद्योगिक दृष्टि से एक नई पहचान दिलाना प्रमुख उद्देश्य बताया गया, जिसके लिए उद्योगों का विकास आवश्यक है.
राष्ट्रीय पिछडावर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती किरणताई महल्ले ने अपने संबोधन में कहा कि भविष्य में अमरावती एक विकसित और सशक्त जिला बनेगा, जिसके लिए सभी उद्यमियों और अधिकारियों का सहयोग आवश्यक है. उन्होंने नांदगांव पेठ क्षेत्र में काम करने वाली महिला मजदूरों के लिए शाम के समय सिटी बस सुविधा उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठाया और मनपा से इस संबंध में जवाब मांगा. महिलाओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शासन द्वारा भूखंड वितरण, ओबीसी, एससी-एसटी, दिव्यांग, महिला एवं बचत समूहों को प्रमुख उद्योगों में शामिल करने के लिए मान्यता दी गई है. साथ ही रोजगार के नए अवसर, नए प्रोजेक्ट्स की जानकारी, ओबीसी उद्यमियों की समस्याएं तथा औद्योगिक क्षेत्रों में उनके प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई.
कार्यक्रम में किरणताई महल्ले का सम्मान नांदगांव पेठ एमआईडीसी के अध्यक्ष आफाक सूबेदार एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा किया गया. अंत में कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन राम लंके ने किया. इस अवसर पर अमरावती एमआईडीसी के अध्यक्ष किरण पातुरकर, नांदगांव पेठ एमआईडीसी के सचिव जगदीश वाधवानी, प्रादेशिक अधिकारी राम लंके, कार्यकारी अभियंता अविनाश डाबेराव, उपअभियंता नरेंद्र विंचूरकर, प्रविण दमकुंडवार, दिनेश बकाले सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे. साथ ही उद्यमी प्रकाश राठी, हर्षवर्धन वर्मा, नंदकिशोर अग्रवाल, संजय विधले, पेटले, श्रीमती रंजना बोराडे, अजय पवार, आशिष सावजी, सुधीर आलमेरकर, प्रदीप चिंचोरे, एस. कादरी सहित कई उद्यमियों ने भाग लिया.





