महंगा होगा घर, दफ्तर खरीदना

1 अप्रैल से 5 प्रतिशत बढेंगे रेडीरेकनर के रेट

* 31 मार्च को अधिकृत घोषणा
अमरावती/दि.6 – अगले वित्त वर्ष से आपका घर, कार्यालय खरीदने का काम महंगा होगा. सरकार रेडी रेकनर की दरों में पांच प्रतिशत बढोत्तरी करने जा रही है. राजस्व के अधिकारियों ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि, आगामी 31 मार्च को इस बारे में अधिकृत घोषणा हो सकती है. रेडी रेकनर के आधार पर भी स्टैम्प ड्यूटी तय होती है. सरकार की मुद्रांक शुल्क वसूली इस बढोत्तरी के कारण बढने की पूर्ण संभावना है. वित्त वर्ष समाप्ति की ओर होने से आने वाले दिनों में प्रॉपर्टी की खरीदी-विक्री बढने की पूरी संभावना है. उसी प्रकार हिंदू नववर्ष गुढी पाडवा, राम नवमी भी इसी माह आने से निश्चित ही संपत्ति सौदे पूर्ण किये जाएंगे.
* क्या कारण है बढोत्तरी का?
मार्केट के सूत्रों ने बताया कि, घरों की विक्री का क्षेत्र अभी ठहरा हुआ है. ऐसे में रेडी रेकनर के रेट बढाये जाने से निश्चित ही इस पर और प्रभाव पडेगा. किंतु यह भी अधिकृत सूत्रों के हवाले से बताया जाता है कि, सरकार पर राजस्व घाटा कम करने का दबाव है. उसी प्रकार बजट की पूरक मांगे लगातार बढ रही है. राज्य के गुरुवार को विधान मंडल में प्रस्तुत चालू वित्त वर्ष के आर्थिक सर्वेक्षण में भी बताया गया कि, अनेक योजनाओं के कारण खर्च बढ रहा है. ऐसे में राजस्व वसूली बढाने के लिए मुद्रांक वसूली का बढना आवश्यक है. अधिकारियों ने पांच प्रतिशत से रेडी रेकनर दाम बढाये जाने की संभावना व्यक्त की है.
* क्या होता है रेडी रेकनर?
रेडी रेकनर सरकार की वह डायरी है, जिसमें अलग-अलग एरिया के संपत्ति के रेट तय होते हैं. अमरावती में भी परकोटे के भीतर अलग रेडी रेकनर रेट है. जबकि मार्केट क्षेत्र के अलग. उसी प्रकार कैम्प और नई कालोनी, रुख्मिणी नगर, शारदा नगर, राजापेठ, नागपुर रोड की संपत्तियों की वैल्यू अलग-अलग दर्ज की गई है. उसमें अब आगामी 1 अप्रैल से 5 प्रतिशत बढोत्तरी की संभावना है. यह भी बता दें कि, कई परिसंपत्तियों के दाम रेडी रेकनर के भी बाजार भाव अलग गिना जाता है.

Back to top button