सावंगा विठोबा मंदिर में गुढ़ीपाड़वा पर लाखों का कपूर दहन
उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रध्दालुओं ने बडी आस्था से किए दर्शन

अमरावती/दि.20- महाराष्ट्र के अमरावती जिले के चांदूर रेलवे तहसील स्थित सावंगा विठोबा मंदिर में गुढ़ीपाड़वा के अवसर पर इस वर्ष भी लाखों रुपये के कपूर दहन की सदियों पुरानी परंपरा श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई गई. करीब 400 वर्षों से चली आ रही इस अनोखी परंपरा में शामिल होने के लिए राज्यभर से लगभग 4 से 5 लाख श्रद्धालु मंदिर पहुंचे.
मान्यता है कि भगवान को कपूर अर्पित कर जलाने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. इसी आस्था के चलते गुड़ी पड़वा के दिन हजारों श्रद्धालु एक साथ कपूर प्रज्वलित कर भगवान विठोबा के दर्शन करते हैं. इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति और आध्यात्मिक माहौल से गूंज उठा. यात्रा का मुख्य आकर्षण 72 फीट ऊंचे सागवान लकड़ी के ध्वजस्तंभ पर ध्वज स्थापना का भव्य आयोजन रहा. ध्वजारोहण के बाद विशेष पूजा-अर्चना की गई, जिसके पश्चात सामूहिक रूप से कपूर दहन का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नवस (मन्नत) मांगते नजर आए. गुढ़ीपाड़वा से शुरू होने वाली यह यात्रा एक सप्ताह तक चलती है, जिसमें विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और बंदोबस्त तैनात किया गया था. यह परंपरा न केवल श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है, बल्कि अमरावती जिले की समृद्ध धार्मिक विरासत को भी दर्शाती है, जो हर वर्ष लाखों लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है.





