अजीत पवार के साथ हुए हवाई हादसे की हो सीबीआई जांच
डेप्युटी सीएम सुनेत्रा पवार ने सीएम फडणवीस के सामने उठाई मांग

मुंबई/पुणे/दि.26 – राकांपा के वरिष्ठ नेता व राज्य के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के साथ हुए हवाई हादसे की जांच को अब गति मिलने की पूरी उम्मीद है. क्योंकि हादसे का शिकार हुए विमान का ब्लैक बॉक्स पूरी तरह से सुरक्षित रहने की जानकारी सामने आई है. जिसके चलते हादसे के समय निश्चित तौर पर क्या कुछ घटित हुआ था. इस बात से जल्द ही परदा उठ सकता है. वहीं दूसरी ओर उक्त हवाई हादसे की सीबीआई जांच किए जाने की मांग दिवंगत नेता अजीत पवार की पत्नी एवं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की गई है. जिसके बाद सीएम देवेंद्र फडणवीस द्वारा भी इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करनी शुरु की गई है, ऐसी जानकारी सामने आई है.
बारामती में आयोजित पत्रकार परिषद में पार्टी नेता किरण गुजर ने बताया कि विमान का ब्लैक बॉक्स सुरक्षित मिलने की पुष्टि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की तकनीकी रिपोर्ट में की गई है. इससे दुर्घटना के समय की परिस्थितियों का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है. उन्होंने बताया कि इस मामले में सांसद सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार सहित कई नेताओं ने पहले ही केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की मांग की है. साथ ही साथ उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग की है. पार्टी नेताओं का कहना है कि हादसे से जुड़े सभी तकनीकी और अन्य पहलुओं की गहन जांच आवश्यक है ताकि किसी प्रकार का संदेह या भ्रम न रहे.
* जांच से खुल सकते हैं कई अहम पहलू
डीजीसीए की रिपोर्ट में कथित रूप से कंपनी के कुछ विमानों में तकनीकी खामियां पाए जाने के बाद पांच विमानों को ग्राउंड किए जाने की जानकारी सामने आई है. ऐसे में अब यह जांच का महत्वपूर्ण विषय बन गया है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान की तकनीकी स्थिति क्या थी. राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि सीबीआई जांच की मांग और लगातार उठ रहे सवालों के चलते आने वाले दिनों में इस मामले में बड़े खुलासे संभव हैं.

‘उस’ विमान हादसे के पीछे किसी ‘बडे व्यक्ति’ का हाथ
* विधायक रोहित पवार ने किया सनसनीखेज दावा
* मरीन ड्राईव के बाद अब एफआईआर दर्ज कराने बारामती पुलिस थाने पहुंचे रोहित पवार
इस बीच शरद पवार गुट वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस के विधायक रोहित पवार ने दुर्घटना को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका दावा है कि इस हादसे के पीछे किसी बड़े व्यक्ति की भूमिका हो सकती है और मामले की आपराधिक एंगल से भी जांच होनी चाहिए. रोहित पवार ने बारामती पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश की और कहा कि यदि तकनीकी खामियों के बावजूद विमान उड़ान में था, तो यह जांच का विषय है कि दोषपूर्ण विमान जानबूझकर उपलब्ध कराया गया या यह लापरवाही थी. इसके साथ ही राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत को लगभग एक महीना बीत जाने के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने तीखी नाराजगी जताई है. उन्होंने घटना में साजिश की आशंका व्यक्त करते हुए मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
बता दें कि, विधायक रोहित पवार पिछले कुछ दिनों से लगातार इस मामले को उठा रहे हैं. उन्होंने मुंबई और दिल्ली में पत्रकार परिषद आयोजित कर दुर्घटना की जांच पर सवाल खड़े किए हैं तथा संबंधित विमानन कंपनी और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की भूमिका की भी जांच की मांग की है. इसी सिलसिले में रोहित पवार बुधवार को मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने से इनकार किए जाने पर उनकी पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस भी हुई. इसके बाद गुरुवार को रोहित पवार, युगेंद्र पवार तथा अजित पवार के रिश्तेदार राजेंद्र पवार बारामती पुलिस थाने पहुंचे और वहां भी मामला दर्ज करने की मांग की. हालांकि, पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है. इसी दौरान पत्रकारों से बातचीत में रोहित पवार ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत का उदाहरण देते हुए कहा कि उस मामले में देशभर में व्यापक जांच की मांग उठी थी. उन्होंने सवाल किया कि जब महाराष्ट्र के इतने बड़े नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री की मौत हुई है, तो अब तक एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की जा रही है और उन्हें न्याय क्यों नहीं मिल रहा. रोहित पवार ने यह भी आरोप लगाया कि जांच प्रक्रिया पर किसी प्रकार का दबाव होने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ रहा है. उन्होंने सरकार और जांच एजेंसियों से पारदर्शी जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है.

* शिंदे सेना ने वीएसआर कंपनी के विमानों पर लगाई पाबंदी
– अजीत पवार के साथ हुए हादसे के बाद डेप्युटी सीएम शिंदे का निर्णय
उधर दूसरी ओर बारामती में राकांपा नेता व डेप्युटी सीएम अजीत पवार के साथ हुए हवाई हादसे के बाद सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाते हुए शिवसेना (शिंदे गुट) ने बड़ा फैसला लिया है, जिसके तहत उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने निर्देश दिया है कि पार्टी के नेता और जनप्रतिनिधि अब वीएसआर कंपनी के विमानों या हेलिकॉप्टरों का उपयोग नहीं करेंगे. बताया जा रहा है कि पार्टी विधायकों ने कंपनी के सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाते हुए यह मांग रखी थी, जिसे तुरंत मंजूरी दे दी गई.
“’